Bihar Industrial Growth: बिहार में औद्योगिक निवेश और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है. सरकार का जोर प्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने, निवेशकों को सुविधाएं देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर है. बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 समेत कई नई नीतियों के जरिए उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है. इसका असर अब स्थानीय स्तर पर भी देखने को मिल रहा है. कुमारबाग में कपड़ा फैक्ट्री में काम कर रहे आरव राज और समस्तीपुर में नमकीन उत्पादन इकाई चला रहे सुबोध कुमार चौधरी की कहानी इसी बदलाव की तस्वीर पेश करती है.
आरव राज कुमारबाग, बेतिया स्थित सार्व एंटरप्राइज में प्रोडक्शन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. यहां शर्ट, पैंट और जैकेट का निर्माण किया जाता है. फैक्ट्री में तैयार कपड़ों की सप्लाई मुजफ्फरपुर, बगहा, मोतिहारी समेत आसपास के कई जिलों में की जाती है.
आरव राज के मुताबिक, उनकी फैक्ट्री में करीब 150 लोग काम कर रहे हैं. इनमें आसपास के इलाकों के भी बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हैं. उन्होंने कहा कि बिहार में उद्योगों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों को अपने ही क्षेत्र में काम करने का अवसर मिल रहा है.
उन्होंने बिहार सरकार और इससे जुड़े लोगों का आभार जताते हुए कहा कि श्रमिकों और कामगारों के विकास के लिए इसी तरह प्रयास जारी रहने चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिलने के साथ बिहार भी आगे बढ़ सके.
समस्तीपुर के सुबोध कुमार चौधरी ने भी सरकारी योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार की राह चुनी. उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत ऋण लेकर नमकीन उत्पादन इकाई शुरू की. आज उनकी इकाई करीब 80 लाख रुपये के वार्षिक आय-व्यय के साथ संचालित हो रही है.
सुबोध कुमार चौधरी अपने कारोबार के जरिए स्थानीय बाजार में उत्पादों की पहुंच बढ़ा रहे हैं. उनकी यह पहल दिखाती है कि सरकारी योजनाओं के माध्यम से युवा अपना व्यवसाय शुरू कर सकते हैं और स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकते हैं.
राज्य में औद्योगिक निवेश को आकर्षित करने के लिए सरकार ने बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज-2025 के तहत भूमि, पूंजी निवेश, ब्याज और करों में रियायत देने का प्रावधान किया है. इसके साथ ही औद्योगिक इकाइयों को एक रुपये की टोकन राशि पर जमीन उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है.
सेमीकंडक्टर नीति-2026, एमएसएमई नीति-2026, मुख्यमंत्री क्लस्टर विकास योजना-2026, निर्यात प्रोत्साहन नीति, बिहार क्रय वरीयता नीति-2026, लॉजिस्टिक्स नीति, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर नीति, एआई नीति और स्टार्टअप नीति के जरिए अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित करने की तैयारी है.
निवेशकों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था, इन्वेस्टर बिहार पोर्टल और जरूरी मंजूरियों के लिए 30 दिनों की समयसीमा जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं.
1,091 निवेश प्रस्ताव मिले, 533 इकाइयों को जमीन आवंटित
उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 से अब तक बिहार को 1,091 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं. इसी अवधि में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार की ओर से 533 औद्योगिक इकाइयों को करीब 737 एकड़ जमीन आवंटित की गई है.
राज्य के 25 जिलों में 28 नए औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है. इसके अलावा 14 हजार एकड़ से अधिक भूमि अधिसूचित की जा चुकी है.
गया के डोभी में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के तहत करीब 1,670 एकड़ में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी विकसित की जा रही है. करीब 1,339 करोड़ रुपये की इस परियोजना से 16,500 करोड़ रुपये के निवेश और लगभग 1 लाख 10 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है.
वहीं, नावानगर में एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का बेवरेज प्लांट और बक्सर में सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट शुरू हो चुकी है. स्टील, टेक्सटाइल और ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में करीब 51,600 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर समझौते हुए हैं.
47 हजार से अधिक युवाओं को उद्यमी योजना का लाभ
स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत 47 हजार से अधिक युवाओं को 3,400 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता दी गई है. वहीं, बिहार लघु उद्यमी योजना के माध्यम से 71 हजार से अधिक परिवारों को 586 करोड़ रुपये से ज्यादा की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई है.
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत भी बिहार के 1 लाख 62 हजार से अधिक कारीगर पंजीकृत हैं. इसके अलावा राज्य में 1,700 से अधिक स्टार्टअप और 22 इनक्यूबेशन सेंटर संचालित हैं.
आईटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में भी निवेश को लेकर पहल की जा रही है. इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट में करीब 468 करोड़ रुपये के समझौते हुए हैं. इनमें आईआईटी पटना में रिसर्च पार्क और बिहार एआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से जुड़ी पहल शामिल हैं. वहीं, पटना में 12 मेगावाट क्षमता का डेटा सेंटर भी शुरू हो चुका है.
आरव राज की फैक्ट्री में काम कर रहे 150 कर्मचारी और मुख्यमंत्री उद्यमी योजना से अपना कारोबार खड़ा करने वाले सुबोध कुमार चौधरी जैसे उदाहरण बिहार में उद्योग और स्वरोजगार से जुड़ी संभावनाओं को सामने रखते हैं. राज्य में निवेश, स्थानीय उत्पादन और नई तकनीक से जुड़े प्रयासों के जरिए युवाओं के लिए रोजगार और अपना व्यवसाय शुरू करने के नए रास्ते तैयार किए जा रहे हैं.