Bihar Police Alert: स्वतंत्रता दिवस को लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को अलर्ट किया है। केंद्र और राज्य की खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के मद्देनजर आईजी, डीआईजी समेत सभी जिलों के एसपी, एसएसपी और रेल पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी जिलों में प्रभारी मंत्री झंडोत्तोलन करेंगे।



मुख्यालय के निर्देश पर रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। केंद्रीय बल के अलावा बी-सैप, रिजर्व जिला पुलिस और होमगार्ड की अतिरिक्त टुकड़ियां पटना सहित संवेदनशील जिलों में भेजी गई हैं।



वरीय पुलिस पदाधिकारियों को सार्वजनिक गश्ती बढ़ाने और इसकी लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सादे वेश में पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी, जबकि सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।



पुलिस मुख्यालय के अनुसार, आतंकी और उग्रवादी धमकियों के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा से जुड़े जिलों और पूर्व में उग्रवाद प्रभावित रहे क्षेत्रों के एसपी को विशेष चौकसी बरतने को कहा गया है। रेलवे और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस की गश्ती और निगरानी बढ़ाई गई है।



पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य राजकीय समारोह को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। समारोह स्थल पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा रहेगा। आसपास के क्षेत्रों और प्रवेश मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। मैदान के अंदर और बाहर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।



गुरुवार को गांधी मैदान में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। इस दौरान प्रमंडलीय आयुक्त मयंक वरवड़े ने कहा कि 15 अगस्त का मुख्य समारोह पूरे उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हों, इसके लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



गांधी मैदान और आसपास के इलाके में 1500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए गांधी मैदान को चार सेक्टरों में बांटा गया है। मैदान के अंदर एक अस्थायी पुलिस थाना भी बनाया गया है, जहां एसएचओ सहित 24 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी पिछले एक सप्ताह से लगातार सुरक्षा व्यवस्था में जुटे हैं।



गांधी मैदान और आसपास के इलाकों की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं। गांधी मैदान के अलावा प्रमुख रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंड के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। आपराधिक और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीमावर्ती इलाकों के चेक पोस्ट के साथ-साथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच की जा रही है।



सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की टीमें गांधी मैदान के आसपास स्थित होटल और लॉज की भी जांच कर रही हैं। होटल संचालकों और मैनेजरों को बिना वैध दस्तावेज किसी व्यक्ति को ठहराने की अनुमति नहीं देने के निर्देश दिए गए हैं।



एडीजी (विधि व्यवस्था) केएस अनुपम ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस को लेकर एहतियातन पुलिस चौकसी बढ़ाई गई है। पुलिस पदाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। भारत-नेपाल सीमा, रेलवे और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की गश्ती के साथ कड़ी निगरानी रखी जाएगी।