PATNA: पटना के जक्कनपुर थाना क्षेत्र स्थित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के बाहर मंगलवार को रिजल्ट में गड़बड़ी की आशंका को लेकर छात्रों ने जमकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय परिसर के बाहर जुटे और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।


प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। पुलिस पर हमले की भी सूचना है। इस घटना में एक महिला पुलिसकर्मी समेत दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायल पुलिसकर्मी जितेंद्र कुमार के सिर और पैर में गंभीर चोट बताई जा रही है। उनका इलाज कराया जा रहा है।


विश्वविद्यालय परिसर में तोड़फोड़ का आरोप

हंगामे के दौरान आर्यभट्ट ज्ञान विश्वविद्यालय कैंपस में तोड़फोड़ और कर्मचारियों के साथ मारपीट किए जाने की भी सूचना सामने आई है। हालांकि, मामले में विस्तृत जानकारी का इंतजार है। प्रदर्शन के दौरान सड़क से गुजर रहे कुछ राहगीरों की गाड़ियों के शीशे टूटने की भी जानकारी मिली है। इससे इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।


छात्रों ने लगाया लाठीचार्ज का आरोप

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि उनकी मांगों को सुनने के बजाय पुलिस ने लाठीचार्ज किया। छात्रों का कहना है कि वे रिजल्ट में कथित गड़बड़ी को लेकर अपनी बात रखने और समाधान की मांग करने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे थे।वहीं, पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हंगामे पर काबू पाया।


विश्वविद्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद विश्वविद्यालय के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि दोबारा किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है। छात्रों के प्रदर्शन, पुलिस से झड़प, तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के घायल होने की घटना को लेकर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

पटना से सूरज की रिपोर्ट