Bihar Government School : बिहार के सरकारी स्कूलों को अब सिर्फ पढ़ाई तक सीमित रखने के बजाय उन्हें आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की तैयारी है। सरकार की योजना सफल रही तो आने वाले समय में राज्य के चुनिंदा सरकारी स्कूलों में बच्चों को ऐसी सुविधाएं मिलेंगी, जो अभी तक बड़े निजी स्कूलों में देखने को मिलती हैं। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के अनुसार, राज्य के सभी 38 जिलों में कम से कम एक स्कूल को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। इसके तहत पुराने, प्रतिष्ठित और बेहतर प्रदर्शन करने वाले उच्च एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इन स्कूलों में पढ़ाई के साथ-साथ तकनीक, खेल, कला, संस्कृति और व्यावसायिक कौशल पर भी विशेष जोर दिया जाएगा।


इन ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ स्कूलों का सबसे बड़ा आकर्षण उनका डिजिटल और तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर होगा। यहां स्मार्ट क्लासरूम में इंटरएक्टिव पैनल और स्मार्ट बोर्ड लगाए जाएंगे। छात्रों के लिए आधुनिक कंप्यूटर लैब और आईसीटी लैब विकसित की जाएगी। हाई-स्पीड इंटरनेट और डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध कराने की योजना है। पढ़ाई को किताबों तक सीमित रखने के बजाय डिजिटल कंटेंट और ऑडियो-विजुअल माध्यमों से भी बच्चों को पढ़ाया जाएगा।


इतना ही नहीं, विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक से जोड़ने के लिए इन स्कूलों में इनोवेशन और रोबोटिक्स लैब की भी योजना बनाई गई है। अटल टिंकरिंग लैब या इसी तरह की इनोवेशन सुविधाओं के जरिए बच्चों को प्रयोग और नई चीजें बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। एस्ट्रोनॉमी किट, कोडिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी तकनीकों से भी छात्रों को परिचित कराया जाएगा।शैक्षणिक सुविधाओं में भी बड़ा बदलाव प्रस्तावित है। भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान, गणित और कंप्यूटर साइंस की प्रयोगशालाओं को आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जाएगा। पुस्तकालयों में किताबों के साथ डिजिटल संसाधन उपलब्ध होंगे। बच्चों के लिए शांत अध्ययन कक्ष भी तैयार किए जाने की योजना है।


सरकार का फोकस केवल पढ़ाई और तकनीक तक नहीं रहेगा। विद्यार्थियों के खेल करियर को बढ़ावा देने के लिए बेहतर खेल मैदान और इंडोर स्पोर्ट्स सुविधाएं विकसित की जाएंगी। फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन और टेनिस जैसी खेल सुविधाओं का प्रावधान किया गया है। कुछ प्रमुख सेंटरों में स्विमिंग पूल की सुविधा भी प्रस्तावित है। इसके अलावा योग और फिटनेस सेंटर बनाने की भी योजना है।छात्राओं के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण तैयार करने पर भी जोर दिया गया है। बेहतर शौचालय, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था के साथ हाइजेनिक कैंपस विकसित किए जाएंगे। कुछ स्कूलों में प्रयोग के तौर पर विशेष पोषण कार्यक्रम भी शुरू करने की योजना है।


इन स्कूलों में बच्चों के बीच क्विज, खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं नियमित रूप से आयोजित कराने की योजना है। साथ ही छात्रों को डिजिटल स्किल, कम्युनिकेशन और लीडरशिप जैसे कौशल भी सिखाए जाएंगे। यानी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ाई के साथ भविष्य के रोजगार और करियर के लिए भी तैयार करने का प्रयास होगा।हालांकि, इस महत्वाकांक्षी योजना के सामने चुनौतियां भी बड़ी हैं। कई पुराने सरकारी स्कूलों में पर्याप्त जगह और बुनियादी सुविधाओं की कमी है। ऐसे में नई लैब, स्मार्ट क्लासरूम और खेल सुविधाएं विकसित करना आसान नहीं होगा। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राज्य के करीब 24 फीसदी स्कूलों में ही कंप्यूटर की सुविधा है, जबकि करीब 85 फीसदी स्कूल इंटरनेट से जुड़े हैं।


सबसे बड़ी चुनौती प्रशिक्षित मानव संसाधन की भी होगी। रोबोटिक्स, एआई, कोडिंग और आईसीटी जैसे क्षेत्रों के लिए विशेषज्ञ शिक्षकों की जरूरत होगी। पुराने शिक्षकों को भी नई तकनीक के अनुरूप लगातार प्रशिक्षण देना होगा। इसके अलावा योजना को जमीन पर उतारने के लिए पर्याप्त बजट, बेहतर प्रबंधन और ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक-भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखना भी जरूरी होगा।अगर इन चुनौतियों का समाधान करते हुए योजना को प्रभावी तरीके से लागू किया जाता है, तो बिहार के सरकारी स्कूलों की तस्वीर बदल सकती है। फिलहाल सरकार का लक्ष्य साफ है—हर जिले में ऐसा सरकारी स्कूल तैयार करना, जहां आधुनिक शिक्षा, तकनीक, खेल और कौशल विकास एक ही परिसर में बच्चों को उपलब्ध हो।