Bihar News: बिहार में जाली और भूलवश जारी किए गए जाति प्रमाण पत्रों को रद्द करने की प्रक्रिया को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा निर्देश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब जिला पदाधिकारी (DM), अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) या अंचल अधिकारी (CO) अपने स्तर से जांच कर किसी भी व्यक्ति का जाति प्रमाण पत्र रद्द नहीं कर सकेंगे। इसके लिए निर्धारित सरकारी प्रक्रिया का पालन करना अनिवार्य होगा।
सामान्य प्रशासन विभाग ने 26 नवंबर 2026 को इस संबंध में सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिला पदाधिकारियों को पत्र जारी किया है। विभाग की ओर से जारी निर्देश में भूलवश या त्रुटिपूर्ण तरीके से निर्गत जाति प्रमाण पत्रों के साथ-साथ जाली जाति प्रमाण पत्रों को निरस्त करने की प्रक्रिया स्पष्ट की गई है।
आदेश के अनुसार, भूलवश, त्रुटिपूर्ण या जाली जाति प्रमाण पत्रों को रद्द करने की कार्रवाई सामान्य प्रशासन विभाग के अंतर्गत गठित राज्य स्तरीय जाति विनिश्चयन समिति द्वारा की जानी है। इसके लिए विभाग ने पहले भी 28 फरवरी 2023 को पत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
सरकार के संज्ञान में आया है कि कुछ मामलों में किसी व्यक्ति की जाति को लेकर शिकायत मिलने पर संबंधित जिले के DM, SDO या CO अपने स्तर से जांच करते हैं और इसके बाद जाति प्रमाण पत्र को त्रुटिपूर्ण या जाली बताकर रद्द कर देते हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस तरह की कार्रवाई को निर्धारित नियमों के विपरीत बताया है।
नए निर्देश के मुताबिक, यदि किसी व्यक्ति के जाति प्रमाण पत्र को लेकर शिकायत मिलती है या उसके गलत तरीके से जारी होने की आशंका होती है, तो संबंधित जिला पदाधिकारी को व्यक्ति से जुड़े सभी दस्तावेज और अभिलेख एकत्र कर स्पष्ट मंतव्य के साथ राज्य स्तरीय जाति विनिश्चयन समिति को भेजना होगा।
इसके बाद समिति संबंधित मामले की जांच कर नियमानुसार उचित आदेश पारित करेगी। समिति के आदेश के बाद ही संबंधित जिला पदाधिकारी और बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाइटी, पटना की ओर से जाति प्रमाण पत्र रद्द करने की कार्रवाई की जाएगी।
सामान्य प्रशासन विभाग ने निर्धारित प्रावधानों का हवाला देते हुए सभी अधिकारियों को उनका पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इस आदेश के जरिए सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि जाति प्रमाण पत्रों को रद्द करने का फैसला स्थानीय स्तर पर अधिकारी अपने विवेक से नहीं ले सकेंगे। ऐसे मामलों में अंतिम निर्णय निर्धारित प्रक्रिया के तहत राज्य स्तरीय जाति विनिश्चयन समिति के आदेश के आधार पर ही होगा।