PATNA: राबड़ी देवी से बंगला खाली कराने पर अड़ी सम्राट चौधरी की सरकार ने अब लालू परिवार की सुरक्षा में भारी कटौती कर दिया है। लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को मिली जेड प्लस की सुरक्षा हटा दी गयी है। वही तेज प्रताप यादव से भी वाई श्रेणी की सुरक्षा वापस ले ली गयी है। सिर्फ तेजस्वी प्रसाद यादव, मीसा भारती और राजश्री यादव की पुरानी सुरक्षा व्यवस्था बरकरार रखी गयी है।  


जेड प्लस सुरक्षा खत्म

सरकार द्वारा जारी पत्र के अनुसार लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को पहले से मिली “Z+” श्रेणी की सुरक्षा को हटा दिया गया है. हालांकि दोनों पूर्व मुख्यमंत्री हैं और बिहार सरकार ने पूर्व सीएम की सिक्योरिटी के लिए अलग से कानून बना रखा है. अब उसी प्रावधान के मुताबिक लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को सुरक्षा दी जाएगी.  


सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक राबड़ी देवी को बिहार सरकार के विशेष सुरक्षा दल अधिनियम 2010 के तहत  बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) की 2-8 हाउस गार्ड टीम, तीन महिला और तीन पुरुष अंगरक्षक, बुलेट प्रूफ वाहन और एस्कॉर्ट वाहन मिलेगा. इसी प्रावधान के तहत पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को 2-8 हाउस गार्ड टीम मिलेगी. लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए सिर्फ दो बॉडीगार्ड दिया जाएगा. हालांकि उन्हें भी एस्कॉर्ट, पायलट और बुलेट प्रूफ गाड़ी दी जाएगी.


तेजस्वी की सुरक्षा बरकरार 

राज्य सरकार ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को पहले से मिली वाई प्लस की सुरक्षा बरकरार रखी है. तेजस्वी यादव को 1-4 का हाउसगार्ड, 6 बॉडीगार्ड के साथ पांच पुलिसकर्मियों वाला एस्कॉर्ट वाहन मिलेगा.


तेजप्रताप की वाई सुरक्षा खत्म

बिहार सरकार ने लालू और राबड़ी के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव को वाई श्रेणी की सुरक्षा दे रखी थी. अब उसे हटा लिया गया है. तेजप्रताप यादव पूर्व मंत्री हैं और उस नाते उन्हें एक बॉडीगार्ड मिलेगा.


मीसा और राजश्री की सुरक्षा बरकरार 

राज्य सरकार के नए आदेश में लालू परिवार की बड़ी बेटी मीसा भारती और तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री यादव की पुरानी सुरक्षा बरकरार रखी गई है. सांसद होने के नाते मीसा भारती को 3 बॉडीगार्ड मिलेंगे. वहीं राजश्री यादव को एक महिला बॉडीगार्ड की सुरक्षा मिलती रहेगी.


सरकार के मुताबिक राज्य सुरक्षा समिति की 4 जून 2026 को हुई बैठक की अनुशंसाओं के आधार पर ये फैसला लिया है।  सरकार के आदेश में बिहार पुलिस मुख्यालय और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया गया है।