Bihar Free Electricity Scheme: बिहार में 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना को लेकर सरकार अब नया अभियान शुरू करने जा रही है. इसके तहत 1 दिसंबर से बिजली उपभोक्ताओं के मोबाइल पर SMS भेजे जाएंगे. मैसेज के जरिए संपन्न परिवारों से स्वेच्छा से मुफ्त बिजली योजना का लाभ छोड़ने की अपील की जाएगी. इसके लिए ऊर्जा विभाग एक नया पोर्टल भी शुरू करने की तैयारी में है, जहां उपभोक्ता अपनी इच्छा से योजना से बाहर निकल सकेंगे.
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी. इस योजना का लाभ बड़ी संख्या में परिवारों को मिल रहा है. अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संपन्न परिवारों और खासकर आयकर भरने वाले लोगों से अपील की है कि वे अपनी इच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ दें.
1 दिसंबर से मोबाइल पर आएगा SMS
सरकार की योजना के मुताबिक 1 दिसंबर से बिजली कंपनियां उपभोक्ताओं को SMS भेजना शुरू करेंगी. इस मैसेज में मुफ्त बिजली योजना छोड़ने की अपील के साथ पोर्टल का लिंक भी भेजा जाएगा. उपभोक्ता लिंक पर क्लिक कर पोर्टल पर पहुंच सकेंगे और वहां स्वेच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ने का विकल्प चुन सकेंगे.
ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इसके लिए अलग से पोर्टल तैयार किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य ऐसे परिवारों को योजना से बाहर आने के लिए प्रोत्साहित करना है, जो आर्थिक रूप से सक्षम हैं और बिजली बिल का भुगतान कर सकते हैं.
आयकर भरने वालों से सीएम ने की थी अपील
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कुछ दिनों पहले लोगों से अपील की थी कि जो परिवार आयकर का भुगतान करते हैं और आर्थिक रूप से संपन्न हैं, वे स्वेच्छा से मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ दें. उन्होंने इस पहल की तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस अपील से की थी, जिसमें संपन्न लोगों से रसोई गैस सब्सिडी छोड़ने का आग्रह किया गया था.
मुख्यमंत्री ने कहा था कि सरकार बिजली सब्सिडी पर करीब 23 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है. ऐसे में जो लोग बिजली बिल देने में सक्षम हैं, उन्हें आगे आकर मुफ्त बिजली का लाभ छोड़ना चाहिए.
सरकार को सब्सिडी के खर्च में राहत मिलने की उम्मीद
सरकार का मानना है कि अगर आर्थिक रूप से सक्षम परिवार स्वेच्छा से मुफ्त बिजली योजना से बाहर आते हैं तो बिजली सब्सिडी पर होने वाले खर्च में कमी आ सकती है. मुख्यमंत्री के अनुसार, करीब 1.92 करोड़ घरों को इस योजना का लाभ मिल रहा है और औसतन एक परिवार को सालाना लगभग 10 हजार रुपये की सब्सिडी का फायदा मिल रहा है.
फिलहाल सरकार 1 दिसंबर से SMS अभियान शुरू करने की तैयारी में है. इसके जरिए उपभोक्ताओं को योजना छोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी और उन्हें स्वेच्छा से इससे बाहर आने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.