Bihar News: बिहार में जमीन से जुड़े मामलों में लापरवाही और अनियमितता बरतने के आरोप में चार अंचल अधिकारियों (CO) के खिलाफ भूमि राजस्व विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। भूमि राजस्व मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने जहानाबाद, सारण, किशनगंज और औरंगाबाद के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने और आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया है।
विभाग की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी कार्रवाई संबंधी विवरण में चारों अधिकारियों पर अलग-अलग मामलों में गड़बड़ी और लापरवाही के आरोप सामने आए हैं। किसी अधिकारी पर सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने का आरोप है, तो किसी पर गलत जाति प्रमाण पत्र जारी करने और दाखिल-खारिज में अनियमितता करने का मामला है। भूमि राजस्व विभाग ने जिन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है, उनमें रंजीत कुमार, नीली यादव, ओम प्रकाश भगत और अकबर हुसैन शामिल हैं। आइए जानते हैं, किस अधिकारी पर क्या आरोप लगे हैं।
जहानाबाद जिले के मखदुमपुर अंचल में तैनात अंचल अधिकारी रंजीत कुमार पर सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का समय पर और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन नहीं करने का आरोप है। विभाग ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई संचालित करने का निर्णय लिया है।
सारण जिले के गरखा की अंचल अधिकारी नीली यादव पर सरकारी कामकाज के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप है। मामला इंटरमीडिएट परीक्षा केंद्र पर प्रश्नपत्र पहुंचाने से जुड़ा है। बताया गया कि सरकारी वाहन जाम में फंस गया था। जाम हटवाने के लिए उनकी तलाश की गई, लेकिन वह मौके पर मौजूद नहीं मिलीं। इसके अलावा मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा की तैयारियों की समीक्षा के दौरान भी उनके निर्धारित स्थल से अनुपस्थित रहने का मामला सामने आया। विभाग ने इन मामलों को लेकर उनके खिलाफ आरोप पत्र गठित किया है।
किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंचल में तैनात अधिकारी ओम प्रकाश भगत पर गलत जाति प्रमाण पत्र जारी करने का आरोप लगा है। भूमि राजस्व विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ आरोप पत्र गठित करने का निर्देश दिया है।
औरंगाबाद के तत्कालीन प्रभारी अंचल अधिकारी अकबर हुसैन पर दाखिल-खारिज की प्रक्रिया में अनियमितता बरतने का आरोप है। विभाग के अनुसार, दाखिल-खारिज पुनरीक्षण वाद में स्पष्ट स्थल आदेश पारित होने के बावजूद उन्होंने दाखिल-खारिज वाद को स्वीकृति दे दी थी। इस मामले में भी उनके खिलाफ आरोप पत्र गठित किया गया है।
भूमि राजस्व विभाग की ओर से जारी विवरण के अनुसार, चारों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इनमें नीली यादव, ओम प्रकाश भगत और अकबर हुसैन के खिलाफ आरोप पत्र गठित किया गया है, जबकि रंजीत कुमार के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई संचालित करने का निर्णय लिया गया है।