PATNA: बिहार में मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य संरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। राज्यभर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच कराई जा रही है और गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पटना में पिछले कुछ महीनों के दौरान 110 से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई है। लैब रिपोर्ट के आधार पर नोटिस जारी करने के साथ ही कोर्ट में मुकदमे भी दर्ज कराए जा रहे हैं।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि बिहारवासियों को बाजार में स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसे सुनिश्चित करने के लिए खाद्य संरक्षा विभाग की टीमें लगातार छापेमारी, सैंपल कलेक्शन और मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री की जब्ती कर रही हैं।
पटना में लाखों रुपये का घी और अन्य खाद्य सामग्री जब्त
स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, नवंबर महीने में अब तक राज्यभर में सैकड़ों खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस दौरान पटना सिटी में करीब 18 लाख रुपये मूल्य का घी जब्त किया गया है। पटना के ही एक अन्य प्रतिष्ठान से 5 लाख रुपये का घी और 1.74 लाख रुपये का आटा जब्त किया गया।
इसके अलावा पटना के एक कोल्ड स्टोरेज से 6.35 लाख रुपये मूल्य के खजूर और 13.29 लाख रुपये की अन्य खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट की गई है।
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की हजारों बोतलें जब्त, लाइसेंस निलंबित
पटना में तीन खाद्य प्रतिष्ठानों से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की हजारों बोतलें जब्त कर नष्ट की गई हैं। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।
जहानाबाद और मोतिहारी में भी बड़ी कार्रवाई
जहानाबाद में चार प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 29 लाख रुपये से अधिक मूल्य के खाद्य पदार्थ नष्ट किए गए। वहीं, करीब 2.30 लाख रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की गई और जांच के लिए आठ नमूने लिए गए। इधर, मोतिहारी के तीन प्रतिष्ठानों में जांच के दौरान करीब 27 क्विंटल मिल्क केक और डोडा मिठाई समेत विभिन्न खाद्य पदार्थ जब्त कर नष्ट किए गए हैं।
त्योहारों के बाद भी जारी रहेगी कार्रवाई
स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने स्पष्ट किया है कि मिलावटखोरी के खिलाफ यह अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा। खाद्य सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभाग में मानव संसाधन और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इसके साथ ही राज्य में चार नए खाद्य जांच केंद्र स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास जारी हैं।
मंत्री ने प्रदेश के सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न करें और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करें। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करना गैरकानूनी होने के साथ-साथ अनैतिक और सामाजिक रूप से गलत है। स्वस्थ बिहार ही विकसित बिहार की बुनियाद है।