Bihar Irrigation Project: बिहार में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सरकार ने बड़ी योजना तैयार की है. इसके तहत फल्गु और जलवार नदी को आपस में जोड़ने की तैयारी है. जल संसाधन विभाग ने उदेरास्थान सिंचाई परियोजना के पुनर्स्थापन और विस्तार के लिए 53 करोड़ 59 लाख 6 हजार 871 रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है. इस योजना के पूरा होने से 6410 हेक्टेयर जमीन पर सिंचाई की नई सुविधा मिलेगी, जबकि 200 हेक्टेयर पहले से सिंचित जमीन की व्यवस्था को भी दोबारा बेहतर बनाया जाएगा.
यह पहल सरकार के सात निश्चय-3 में शामिल ‘कृषि में प्रगति, प्रदेश की समृद्धि’ के तहत की जा रही है. योजना के जरिए नहरों के विस्तार के साथ नदियों में जमा गाद की समस्या को दूर करने पर भी काम किया जाएगा.
योजना के तहत उदेरास्थान बराज से निकलने वाली महमुदा मुख्य नहर का दो किलोमीटर तक विस्तार किया जाएगा. इसी के जरिए फल्गु नदी के पानी को जलवार नदी से जोड़ा जाएगा. इसके अलावा जलवार नदी के 0 से 16.80 किलोमीटर तक जमा गाद की निकासी कराई जाएगी.
दरअसल, जलवार नदी में गाद जमा होने और पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण निश्चलगंज वीयर सिंचाई योजना की क्षमता प्रभावित हो रही है. इस समस्या को दूर करने के लिए नदी की सफाई और नहरों के विस्तार की योजना बनाई गई है.
परियोजना में महमुदा शाखा नहर का पुनर्स्थापन कराया जाएगा. वहीं, भारथु शाखा नहर के 15.50 किलोमीटर पर एक फाल का निर्माण किया जाएगा. इसके साथ ही महमुदा शाखा नहर के अलग-अलग हिस्सों में बाएं तटबंध को मजबूत करने का काम भी होगा.
सिंचाई व्यवस्था के साथ उदेरास्थान बराज तक पहुंचने वाले रास्ते को भी दुरुस्त किया जाएगा. इसके लिए बराज के दाहिने मुख्य सड़क से करीब 1200 मीटर लंबे पहुंच पथ का पुनर्स्थापन और मरम्मत कराई जाएगी. इससे बरसात के दिनों में रास्ता खराब होने और आवागमन बाधित होने की समस्या को दूर करने में मदद मिलेगी.
जल संसाधन विभाग की इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य सिंचाई क्षमता बढ़ाना, नदियों में गाद की समस्या दूर करना और किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था को मजबूत करना है.