पटना/बेगूसराय: आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में बिहार शिक्षा सेवा के अधिकारी अजय कुमार सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। EOU के सत्यापन में अजय कुमार सिंह के पास प्रथम दृष्टया 3,43,78,300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने का साक्ष्य मिला है। यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 90.04 प्रतिशत अधिक बताई गई है। इसके आधार पर आर्थिक अपराध इकाई थाना कांड संख्या 19/26 दर्ज किया गया है।


मामले में आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष न्यायालय निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर अजय कुमार सिंह के पटना और बेगूसराय स्थित तीन ठिकानों पर अलग-अलग टीमों के माध्यम से तलाशी अभियान चलाया। यह कार्रवाई 20 अगस्त 2026 की देर शाम तक जारी रही।


तीन ठिकानों पर छापेमारी

EOU की टीम ने अजय कुमार सिंह के तीन ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें पहला ठिकाना पटना के खाजपुरा स्थित चंद्रतारा भवन, बीबी कॉलेज, आकाशवाणी रोड है। दूसरा बिहार मुक्त विद्यालयी शिक्षण एवं परीक्षा बोर्ड, मिठापुर, पटना स्थित उनका कार्यालय कक्ष और तीसरा बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोरा गांव स्थित उनका पैतृक मकान है।


बेगूसराय के पैतृक मकान से नकदी और ज्वेलरी बरामद

तलाशी के दौरान बेगूसराय स्थित पैतृक मकान से 15.50 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा करीब 9.50 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी की सूची तैयार की गई है। तलाशी में उनके पिता के नाम की 11 डीड, भारतीय स्टेट बैंक की एक पासबुक और आभूषण खरीद से संबंधित छह रसीदें भी मिली हैं। इन रसीदों में करीब 5.50 लाख रुपये के आभूषण खरीद का विवरण है। पैतृक आवास पर दो जेसीबी, दो ट्रैक्टर, एक बोलेरो और एक बड़े डीजी सेट समेत कई वाहन भी मिले हैं। इन वाहनों के स्वामित्व और उनसे संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।


पटना में रेड के दौरान 10 लाख से ज्यादा कैश बरामद

पटना के चंद्रतारा भवन स्थित ठिकाने पर तलाशी के दौरान 10.38 लाख रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा करीब 41.82 लाख रुपये मूल्य की ज्वेलरी की इन्वेंट्री तैयार की गई है। EOU को नोएडा के सेक्टर-142 में 1,442 वर्गफीट के एक फ्लैट की बुकिंग से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस फ्लैट के लिए अब तक 60 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा पटना के अलंकार ज्वेलर्स से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के आभूषण खरीदने से संबंधित इनवॉयस भी मिले हैं।


आठ बैंक खातों में करीब 18.50 लाख रुपये

तलाशी के दौरान विभिन्न बैंकों के आठ खातों से संबंधित पासबुक और एटीएम कार्ड भी बरामद किए गए। इन खातों में करीब 18.50 लाख रुपये जमा होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा भारतीय जीवन बीमा निगम और अन्य बीमा कंपनियों की कुल पांच पॉलिसियों से संबंधित दस्तावेज तथा म्यूचुअल फंड में निवेश से जुड़े कागजात भी मिले हैं। एक महिंद्रा स्कॉर्पियो और स्कूटी समेत अन्य वाहनों से संबंधित जानकारी भी जांच के दायरे में है।


G+2 मकान की भी होगी वैल्यूएशन

EOU के मुताबिक, पटना स्थित अजय कुमार सिंह का मकान G+2 बना हुआ है। मकान में काफी महंगी साज-सज्जा कराई गई है। जांच के अगले चरण में भवन का मूल्यांकन कराया जाएगा, ताकि संपत्ति के वास्तविक मूल्य का आकलन किया जा सके।


2005 में शिक्षा विभाग में हुई थी नियुक्ति

अजय कुमार सिंह ने वर्ष 2005 में बिहार शिक्षा सेवा के तहत अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी के पद पर योगदान दिया था। EOU का कहना है कि अब तक की तलाशी में सामने आई संपत्तियां उनकी ज्ञात आय के स्रोत से काफी अधिक प्रतीत होती हैं। तलाशी में बरामद दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है। EOU के अनुसार, जांच आगे बढ़ने पर आय से अधिक संपत्ति की राशि में और वृद्धि होने की संभावना है।


शिक्षा विभाग को भी दी जा रही जानकारी

अजय कुमार सिंह के खिलाफ दर्ज मामले और लोक सेवक के रूप में उनके कर्तव्यों के कथित विचलन से संबंधित जानकारी उनके पैतृक विभाग शिक्षा विभाग, बिहार, पटना को भी दी जा रही है। फिलहाल EOU बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन कर मामले की आगे की जांच में जुटी है।