Bihar Electricity: बिहार के करोड़ों बिजली उपभोक्ताओं के लिए ऊर्जा विभाग ने महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। यदि आप बिजली बिल का ऑनलाइन भुगतान करते हैं या स्मार्ट मीटर रिचार्ज करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। नई बिलिंग प्रणाली लागू करने के लिए तकनीकी अपग्रेडेशन और मेंटेनेंस कार्य के चलते राज्य में बिजली से जुड़ी सभी ऑनलाइन डिजिटल सेवाएं 24 घंटे के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।


ऊर्जा विभाग के अनुसार, शनिवार रात 8 बजे से लेकर रविवार रात 8 बजे तक उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार दोनों बिजली वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) के उपभोक्ताओं के लिए सभी ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इस दौरान बिजली बिल देखना, ऑनलाइन भुगतान करना, स्मार्ट मीटर रिचार्ज करना, नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करना तथा लोड बढ़ाने जैसी सभी डिजिटल सुविधाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।


विभाग का कहना है कि यह तकनीकी बदलाव उपभोक्ताओं को भविष्य में अधिक सुरक्षित, तेज और आधुनिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। नई बिलिंग प्रणाली लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को पहले से बेहतर और अधिक विश्वसनीय ऑनलाइन सुविधाएं मिलेंगी।


हालांकि, स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए ऊर्जा विभाग ने बड़ी राहत भी दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि इस मेंटेनेंस अवधि के दौरान किसी स्मार्ट मीटर का बैलेंस समाप्त हो जाता है और रिचार्ज नहीं हो पाता है, तब भी संबंधित उपभोक्ता की बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाएगी। बैलेंस शून्य या माइनस होने की स्थिति में भी बिजली चालू रहेगी।


ऊर्जा विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इस 24 घंटे की अवधि में धैर्य बनाए रखें। विभाग के अनुसार, रविवार रात 8 बजे के बाद नई बिलिंग प्रणाली शुरू होने के साथ ही सभी ऑनलाइन सेवाएं पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और बेहतर तरीके से उपलब्ध होंगी।