Bihar DEO-DPO Transfer: बिहार में वेतन घोटाले के खुलासे के बाद शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया है। विभाग ने पटना समेत छह जिलों में नए जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) की प्रतिनियुक्ति की है जबकि कई जिलों के डीपीओ और पीओ का तबादला कर दिया गया है। इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से 6 नवंबर 2026 को आधिकारिक आदेश जारी किया गया है।
जारी आदेश के मुताबिक, बिहार शिक्षा सेवा (प्रशासन उप संवर्ग) के पदाधिकारियों को प्रशासनिक दृष्टिकोण से कार्यहित में अगले आदेश तक अलग-अलग जिलों में प्रतिनियुक्त किया गया है। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी छह अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति प्रशासनिक दृष्टिकोण से कार्यहित में की गई है।
बता दें कि बिहार के शिक्षा विभाग में वेतन भुगतान से जुड़ी बड़ी अनियमितता सामने आई है। HRMS पोर्टल पर कथित छेड़छाड़ कर राज्य के 38 जिलों में 6,895 मामलों के जरिए 34.11 करोड़ रुपये की अतिरिक्त निकासी किए जाने का मामला सामने आया है। इस गड़बड़ी को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों (DEO) से जवाब मांगा है।
HRMS पोर्टल के माध्यम से वेतन, मकान किराया भत्ता (HRA) और एरियर के भुगतान में अनियमितता किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि पोर्टल पर कथित तौर पर छेड़छाड़ कर निर्धारित राशि से अधिक भुगतान और निकासी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने सभी जिलों के DEO से इस संबंध में स्पष्टीकरण मांगा है। इसी बीच कई डीईओ का तबादला कर दिया गया है।