Bihar Earthquake Today: बिहार में मंगलवार सुबह-सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए. राजधानी पटना से लेकर दरभंगा, सुपौल, अररिया, शिवहर, बेगूसराय और सिवान समेत कई जिलों में धरती में कंपन होने से लोगों का ध्यान अचानक इस ओर गया. सुबह के समय आए इन झटकों की वजह से कई इलाकों में लोगों के बीच हलचल मच गई.
जानकारी के मुताबिक, भूकंप का असर सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहा. भारत के अलावा नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी झटके महसूस किए गए. नेपाल में आए भूकंप का असर बिहार के कई जिलों में देखने को मिला.
दरभंगा में सुबह 7:05 बजे महसूस हुए झटके
दरभंगा में सुबह करीब 7 बजकर 5 मिनट पर लोगों ने भूकंप के हल्के झटके महसूस किए. बताया जा रहा है कि करीब 2 से 3 सेकंड तक धरती में कंपन रहा. झटके इतने कम समय के लिए थे कि कई लोगों को इसका अहसास होने तक कंपन खत्म हो चुका था. इसकी तीव्रता कम होने के कारण फिलहाल किसी नुकसान की सूचना नहीं मिली है.
नेपाल में 5.4 तीव्रता का भूकंप
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, नेपाल के कोशी प्रांत में लेलेप के पास सुबह करीब 7:02 बजे 5.4 तीव्रता का भूकंप आया. इसके झटके भारत, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए. पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए.
कई जिलों में लोगों ने महसूस किया कंपन
बिहार में पटना, दरभंगा, सुपौल, अररिया, शिवहर, बेगूसराय और सिवान समेत कई इलाकों से भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी सामने आई है. सुबह के समय अचानक धरती हिलने का अहसास होने से लोग एक-दूसरे से इसकी जानकारी लेते दिखे.
फिलहाल बिहार के किसी भी जिले से जान-माल के नुकसान या किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है.