Bihar Crime News: पटना से सटे दानापुर में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद के बाद गोलीबारी का मामला सामने आया है. रूपसपुर थाना क्षेत्र के विजय नगर में रविवार देर रात एक युवक ने विवाद के बाद फायरिंग कर दी. गोली लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि युवती भी गोली लगने से जख्मी हुई है. पुलिस ने मामले में आरोपी राहुल कुमार को हिरासत में ले लिया है.
जानकारी के अनुसार, विजय नगर निवासी राहुल कुमार का कंकड़बाग की रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था. वहीं बोरिंग रोड निवासी विनायक सिंह की भी उसी युवती की सहेली से नजदीकी बताई जा रही है. रविवार रात युवती अपने प्रेमी राहुल से मिलने विजय नगर पहुंची थी. इसी दौरान विनायक सिंह भी वहां पहुंच गया.
बताया जा रहा है कि राहुल और विनायक के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. मामला बढ़ने के बाद राहुल ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी. गोली लगने से विनायक सिंह घायल हो गया. उसे पांच गोलियां लगी हैं. वहीं युवती को भी एक गोली लगी है.
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. विनायक सिंह को पाटलिपुत्र स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि युवती का इलाज दानापुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार को हिरासत में ले लिया. हालांकि, जिस हथियार से गोलीबारी की गई, वह अभी बरामद नहीं हुआ है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
दानापुर एसडीपीओ वन अजीत कुमार ने बताया कि घायलों के बयान लिए जा रहे हैं. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. घटना में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी और पूरे विवाद की वजह का पता लगाने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है.