Bihar Crime News: राजधानी पटना के दानापुर में बंद घर को निशाना बनाकर चोरी करने पहुंचे चार आरोपितों को पुलिस ने वारदात से पहले ही गिरफ्तार कर लिया. मामला रूपसपुर थाना क्षेत्र के लवकुश नगर का है, जहां आरोपित एक बंद मकान की खिड़की तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस ने इनके पास से चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद किए हैं.


अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि बीती रात पुलिस को सूचना मिली थी कि लवकुश नगर में एक बंद घर की खिड़की तोड़कर चोरी का प्रयास किया जा रहा है. सूचना मिलते ही सिटी एसपी के निर्देश पर रूपसपुर थानाध्यक्ष शशि भूषण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया.


पुलिस टीम सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची और छापेमारी शुरू की. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद आरोपित भागने लगे. पुलिसकर्मियों ने पीछा कर चारों को पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान पुलिस ने उनके पास से चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले कई औजार बरामद किए.


पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक बड़ा सलाई रिंच, एक छोटा सलाई रिंच, चार छोटे रिंच, एक बड़ी छेनी, एक बड़ी खुरपी, एक बड़ा पेचकस, चार छोटे पेचकस, तीन छोटे कटर, एक चाकू, लोटा काटने वाला ब्लेड और लोहे की खंती बरामद की गई है. पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया है.


गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अंकित कुमार निवासी गोपालपुर, दानापुर, रितेश कुमार, रोहित कुमार और सोनू चौधरी निवासी दीघाघाट, दीघा के रूप में हुई है. पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की.


अपर पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद चारों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपितों का पहले भी चोरी की किसी घटना में हाथ रहा है या नहीं. इसके अलावा पुलिस इनके अन्य साथियों और संभावित आपराधिक गतिविधियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है.