Bihar Education News: नई शिक्षा नीति के तहत बिहार में पहली बार 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विषयवार नई किताबें उपलब्ध कराई जाएंगी। नए पाठ्यक्रम के अनुसार पुस्तकों की छपाई शुरू कर दी गई है और लक्ष्य रखा गया है कि सभी विद्यार्थियों को 20 मई तक किताबें उपलब्ध करा दी जाएं।
नई व्यवस्था में सभी भाषाओं और वैकल्पिक विषयों की पाठ्यपुस्तकें NCERT आधारित होंगी। भाषा समूह में कुल 12 विषय शामिल किए गए हैं, जिनमें हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, संस्कृत, बांग्ला, मैथिली, मगही, अरबी, फारसी, भोजपुरी, पाली और प्राकृत शामिल हैं।
वैकल्पिक विषय समूह में 19 विषय रखे गए हैं, जिनमें गणित, भौतिकी, रसायन शास्त्र, जीव विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, इतिहास, राजनीति शास्त्र, भूगोल, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, मनोविज्ञान, दर्शनशास्त्र, गृह विज्ञान, संगीत, बिजनेस स्टडीज, एकाउंटेंसी, इंटरप्रेन्योरशिप, मल्टीमीडिया एवं वेब टेक्नोलॉजी तथा योग एवं शारीरिक शिक्षा शामिल हैं।
विद्यार्थियों को इनमें से तीन विषय अनिवार्य रूप से पढ़ने होंगे, जबकि चाहें तो एक अतिरिक्त विषय ऐच्छिक रूप में भी चुन सकते हैं। छात्रों की पढ़ाई को आसान बनाने के लिए शिक्षक अलग-अलग विषयों के टॉपिक-वाइज लेक्चर रिकॉर्ड करेंगे, ताकि विद्यार्थी घर से भी अध्ययन कर सकें। इसके साथ ही ग्रुप डिस्कशन की व्यवस्था भी की जाएगी।
मूल्यांकन प्रणाली में लेक्चर रिकॉर्डिंग और ग्रुप डिस्कशन को भी शामिल किया गया है। एक यूनिट का 20 प्रतिशत वेटेज निर्धारित किया गया है। कंटीन्युअस असेसमेंट 60 अंकों का होगा, जिसमें 31 अंक लिखित और 29 अंक स्पोकन के होंगे। फाइनल टर्म असेसमेंट 100 अंकों का होगा, जिसमें लिखित और स्पोकन दोनों का मूल्यांकन शामिल रहेगा। इसी आधार पर विद्यार्थियों को इंटरनल मार्क्स दिए जाएंगे।