Bihar Chhath Puja 2026: बिहार में छठ महापर्व को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यापक तैयारी की है. नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम रहेंगे. इस दौरान निजी नावों के परिचालन और घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री व फोड़ने पर रोक रहेगी. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य के सभी 38 जिलों में 500 से अधिक मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे. वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस मुख्यालय ने डीजीपी कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं.


पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के मुताबिक, नदी और तालाबों के घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोर, मोटरबोट और लाइफ जैकेट की व्यवस्था की जाएगी. खतरनाक घाटों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. श्रद्धालु गहरे पानी में न जाएं, इसके लिए बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगाए जाएंगे. सुरक्षा व्यवस्था में पुलिसकर्मियों के साथ प्रशासनिक अधिकारी और स्वयंसेवक भी तैनात रहेंगे.


भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस की विशेष तैयारी

छठ के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है. घाटों के प्रवेश और निकास मार्गों पर बैरिकेडिंग, निगरानी और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था रहेगी. छठ पूजा समितियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी.


यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष प्लान तैयार किया जाएगा. इसमें वैकल्पिक रास्ते, वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, पार्किंग स्थल और भीड़ के दबाव वाले मार्गों की जानकारी शामिल रहेगी. श्रद्धालुओं को जरूरी सूचनाएं देने के लिए घाटों और पहुंच मार्गों पर माइकिंग की व्यवस्था भी की जाएगी.


24 घंटे अलर्ट मोड में रहेगी क्विक रिस्पॉन्स टीम

पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान लोगों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है. उन्होंने सभी दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहकर ड्यूटी करने का निर्देश दिया है.


उन्होंने क्विक रिस्पॉन्स टीम को पूरे पर्व के दौरान 24 घंटे सक्रिय और अलर्ट मोड में रहने को कहा है. किसी भी आपात स्थिति, भीड़ के दबाव या अफवाह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है. वहीं, एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें नाव, लाइफ जैकेट और प्रशिक्षित गोताखोरों के साथ तैनात रहेंगी.


बिजली से जुड़ी शिकायत के लिए 1912 पर करें कॉल

छठ महापर्व के दौरान बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ऊर्जा विभाग ने भी तैयारी तेज कर दी है. ऊर्जा विभाग के सचिव अजय कुमार ने बिजली कंपनियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और घाटों पर सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.


ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. ऊर्जा सचिव ने घाटों को बिजली आपूर्ति करने वाले विद्युत शक्ति उपकेंद्र एनआईटी का स्थलीय निरीक्षण भी किया. बिजली से संबंधित किसी भी तरह की समस्या या शिकायत के लिए श्रद्धालु टोल फ्री नंबर 1912 पर सूचना दे सकते हैं.


राज्यभर में लगाए जाएंगे 500 से अधिक मेडिकल कैंप

छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी व्यापक इंतजाम किए हैं. राज्य के सभी 38 जिलों में 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे. जिला प्रशासन की निगरानी में इन शिविरों का संचालन होगा.


इसके लिए प्रखंड स्तर पर मेडिकल टीमों का गठन किया गया है. सिविल सर्जनों के निर्देश पर घाटों को चिह्नित कर रोस्टर के अनुसार डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है. मेडिकल कैंप में जरूरी दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.


अस्पतालों में भी इमरजेंसी व्यवस्था तैयार

आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल इलाज मिल सके, इसके लिए जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों को भी अलर्ट रखा गया है. जिला अस्पतालों में 15-15 बेड और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में 35-35 बेड आपात स्थिति में आने वाले मरीजों के लिए सुरक्षित रखे गए हैं.


छठ के दौरान स्वास्थ्य विभाग के कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से सभी जिलों में तैनात मेडिकल टीमों और स्वास्थ्य सुविधाओं की निगरानी की जाएगी. इसके लिए एक वरीय पदाधिकारी की तैनाती भी की गई है. विभाग ने पहले ही डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की छुट्टियां 17 नवंबर तक रद्द कर दी हैं.


आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

छठ महापर्व के दौरान किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालु पुलिस मुख्यालय के डीजीपी कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं.


वहीं, बिजली से संबंधित शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1912 जारी किया गया है.