Bihar News : बिहार में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन भले ही श्रद्धा और आस्था के माहौल में हुआ, लेकिन इस बार कई परिवारों के लिए यह पर्व जिंदगी भर का दर्द दे गया। सूर्य को अर्घ्य देने के लिए नदियों, तालाबों और पोखरों के किनारे उमड़ी भीड़ के बीच राज्य के अलग-अलग जिलों से डूबने की कई दर्दनाक घटनाएं सामने आई हैं। छठ पूजा के दौरान बिहार के 16 जिलों में हुए हादसों में कुल 33 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में नौ बच्चे और किशोर भी शामिल हैं। सबसे अधिक मौतें समस्तीपुर जिले में हुई हैं, जहां सात लोगों की डूबने से मौत हो गई।


छठ महापर्व के दौरान हुए इन हादसों ने एक बार फिर नदी और तालाबों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ घाटों पर छठी मैया के गीत गूंज रहे थे और श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे थे, वहीं दूसरी तरफ कई घरों में अपनों के डूबने की खबर से चीख-पुकार मच गई।


आंकड़ों के मुताबिक, समस्तीपुर में सबसे ज्यादा सात लोगों की मौत हुई। इसके बाद खगड़िया में तीन लोगों की जान गई। सारण, कैमूर, औरंगाबाद, बेगूसराय, सहरसा, लखीसराय और दरभंगा में डूबने से दो-दो लोगों की मौत हुई। वहीं मधुबनी, मुंगेर, मोतिहारी, मधेपुरा, नवादा और सीतामढ़ी में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। इस तरह कुल 16 जिलों में हुए हादसों ने छठ की खुशियों को गम में बदल दिया।


राजधानी पटना में भी तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना पटना सिटी के दीदारगंज थाना क्षेत्र की महुली पंचायत के मिर्जापुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक, आदित्य कुमार, सूरज कुमार और यश राज छठ घाट तैयार करने के बाद पुनपुन नदी में स्नान करने के लिए उतरे थे। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की। ग्रामीणों की तत्परता से एक अन्य व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन तीनों किशोरों को नहीं बचाया जा सका। काफी तलाश के बाद सोमवार को तीनों के शव बरामद किए गए।


समस्तीपुर में भी हादसों की खबर ने लोगों को झकझोर दिया। जिले के अलग-अलग इलाकों में सात लोगों की डूबने से मौत हुई। मृतकों में बिथान के रणवीर कुमार, पूसा के गंगापुर के सत्यम कुमार, उजियारपुर के चैता निवासी राकेश साह, हसनपुर के कसिया निवासी श्रवण कुमार, वारिसनगर के गोही निवासी संजय कुमार गुप्ता, सरायरंजन के सुआपाकर निवासी सोनू कुमार और ताजपुर के ददरी धनराज का तीन वर्षीय बच्चा शामिल है।


मधुबनी जिले में भी एक मासूम की डूबने से मौत हो गई। मधेपुर थाना क्षेत्र के पचही भलुआही टोला में रविवार दोपहर पोखर में डूबने से तीन वर्षीय खुश मोहम्मद की जान चली गई। वहीं बेगूसराय में भी दो लोगों के शव बरामद किए गए।


सारण जिले के दरियापुर प्रखंड में भी छठ के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ। डेरनी थाना क्षेत्र के लोहछा पुल के पास रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान मही नदी में 70 वर्षीय व्रती रामनाथ साहनी डूब गए। उनकी मौत से परिवार में मातम पसर गया। कैमूर जिले में भी छठ के दौरान पोखर में डूबने से एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई।


गौरतलब है कि सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हुआ। इस दौरान पटना में दीघा से लेकर दीदारगंज तक गंगा किनारे करीब 90 घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। राज्य के विभिन्न जिलों में भी नदियों, तालाबों और पोखरों के किनारे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कई लोगों ने घरों की छतों पर भी छठ पूजा की।


आस्था और परंपरा के इस महापर्व के बीच हुई इन मौतों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। खासकर बच्चों और किशोरों की मौत ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है। छठ जैसे बड़े आयोजन के दौरान घाटों पर गहरे पानी की पहचान, बैरिकेडिंग और निगरानी कितनी जरूरी है, इन घटनाओं ने एक बार फिर इसका एहसास करा दिया है।