Bihar News: बिहार में छठ महापर्व (13 से 16 नवंबर) के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। घाटों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलाधिकारियों को नौ प्रमुख निर्देश जारी किए हैं। इन निर्देशों में डूबने की घटनाओं, भगदड़ और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए पहले से पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया है।




सरकार ने सभी जिलों को खतरनाक घाटों की पहचान, बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, एंबुलेंस और चिकित्सा दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, पूर्व में जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का भी अनिवार्य रूप से पालन कराने को कहा गया है।




छठ घाटों पर सुरक्षा के लिए 9 प्रमुख निर्देश

1. खतरनाक घाटों की पहचान और बैरिकेडिंग

सभी जिलों में खतरनाक घाटों को चिह्नित कर वहां बैरिकेडिंग कराई जाएगी। प्रत्येक घाट पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों और स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करनी होगी, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।




2. घाटों पर चिकित्सा व्यवस्था रहेगी दुरुस्त

छठ घाटों पर चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा। इसके लिए एंबुलेंस, त्वरित चिकित्सा दल और क्विक मेडिकल रिस्पांस टीम (QMRT) की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल उपचार मिल सके।




3. प्रशिक्षित गोताखोरों की होगी तैनाती

नदी और तालाबों के घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती अनिवार्य होगी। उनके पास लाइफ जैकेट, इन्फ्लैटेबल मोटरबोट और उपलब्धता के अनुसार देसी नावें भी रहेंगी, ताकि डूबने की घटना होने पर तुरंत बचाव कार्य शुरू किया जा सके।




4. घाटों और रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था

अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था करनी होगी। जिन जिलों को इन्फ्लैटेबल इमरजेंसी लाइटिंग सिस्टम (IELS) उपलब्ध कराया गया है, वे जरूरत के अनुसार इसका इस्तेमाल करेंगे।




5. जिला स्तर पर कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय

हर जिले में कंट्रोल रूम निर्बाध रूप से संचालित किया जाएगा। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) को देनी होगी, ताकि समय रहते जरूरी कार्रवाई की जा सके।




6. घाटों के आसपास पटाखों की बिक्री और उपयोग पर रोक

नदी घाटों और तालाबों के आसपास पटाखों की बिक्री और उनके इस्तेमाल पर प्रतिबंध रहेगा। जिला प्रशासन को इस आदेश का सख्ती से पालन कराने और लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है।




7. निजी नावों के परिचालन पर रहेगा प्रतिबंध

नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य तक निजी नावों के परिचालन पर रोक रहेगी। इस प्रतिबंध को लागू कराने के लिए घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिस बल और चौकीदारों की तैनाती की जाएगी।




8. आपात स्थिति से निपटने के लिए बनेगी कार्ययोजना

सभी जिलों को छठ पर्व के दौरान संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करनी होगी। विभिन्न विभागों और बचाव दलों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए कम्युनिकेशन प्लान भी तैयार किया जाएगा।




9. छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय और प्रशिक्षण

जिला प्रशासन छठ पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर समन्वय स्थापित करेगा। समिति के सदस्यों को जरूरी प्रशिक्षण और दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में वे प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावी ढंग से काम कर सकें।




आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क

छठ महापर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना, दुर्घटना या आपातकालीन सहायता के लिए श्रद्धालु राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र और आपदा प्रबंधन विभाग के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।


राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC): 0612-2294204 / 0612-2294205

आपदा प्रबंधन आपातकालीन सहायता नंबर: 1070