Bihar Cabinet Meeting 2026 : बिहार में आज एक बार फिर अहम प्रशासनिक फैसलों पर नजर टिकी हुई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार शाम 5 बजे राज्य कैबिनेट की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा और मंजूरी मिलने की संभावना है। बैठक समाप्त होने के बाद शाम 6 बजे कैबिनेट की आधिकारिक ब्रीफिंग भी आयोजित की जाएगी, जिसमें सरकार की ओर से लिए गए फैसलों की जानकारी दी जाएगी।


सरकारी सूत्रों के मुताबिक इस बार की कैबिनेट बैठक में युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, खेल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद सम्राट चौधरी लगातार हर बुधवार को कैबिनेट बैठक कर रहे हैं और इसे सरकार की नियमित कार्यशैली का हिस्सा माना जा रहा है।


बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव के साथ विभिन्न विभागों के मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि कई विभागों की लंबित योजनाओं को आज मंजूरी मिल सकती है। सबसे अधिक चर्चा मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर है। जानकारी के अनुसार जीविका समूह से जुड़ी महिलाओं को दूसरी किस्त की राशि जारी करने पर आज अंतिम फैसला लिया जा सकता है। पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा तेज है कि सरकार मई महीने के भीतर ही पात्र महिलाओं के खाते में 20 हजार रुपये की सहायता राशि भेज सकती है। यदि कैबिनेट से मंजूरी मिलती है तो लाखों जीविका दीदियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।


इसके अलावा युवाओं के लिए रोजगार और बहाली से जुड़े प्रस्ताव भी बैठक का प्रमुख एजेंडा माने जा रहे हैं। बिहार सरकार ने वर्ष 2025 से 2030 के बीच एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। ऐसे में शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस और अन्य विभागों में नई नियुक्तियों को लेकर अहम निर्णय लिए जाने की संभावना है। शिक्षक बहाली और संविदा कर्मियों से जुड़े विषयों पर भी सरकार की सहमति बन सकती है।


सरकार राज्य में खेल सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में भी लगातार कदम उठा रही है। पिछली कैबिनेट बैठक में कई बड़े खेल प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई थी। अरवल और औरंगाबाद में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का निर्णय लिया गया था, जबकि सहरसा के सलखुआ क्षेत्र में आउटडोर स्टेडियम विकसित करने की योजना को स्वीकृति मिली थी। इन परियोजनाओं के जरिए ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।


पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय संपर्क को बढ़ावा देने के लिए भी बिहार सरकार सक्रिय नजर आ रही है। पिछली बैठक में गया से बैंकॉक के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने को मंजूरी दी गई थी। सरकार ने एयरलाइन कंपनियों को आर्थिक सहयोग देने का भी निर्णय लिया था, ताकि यह सेवा जल्द शुरू हो सके। माना जा रहा है कि इससे बौद्ध पर्यटन, व्यापार और विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलेगा।


आज की कैबिनेट बैठक को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि सरकार आगामी महीनों में रोजगार, महिला कल्याण और आधारभूत संरचना को लेकर कई बड़े ऐलान कर सकती है। अब सभी की नजर शाम 6 बजे होने वाली कैबिनेट ब्रीफिंग पर टिकी हुई है, जहां सरकार जनता के लिए नए फैसलों का पिटारा खोल सकती है।