PATNA:बिहार में कैबिनेट विस्तार से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय नेता नितिन नबीन बुधवार की देर शाम पटना पहुंचे। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी मौजूद थे। पटना एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तीनों नेताओं का स्वागत किया। 


पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद सभी नेता एक निजी होटल में पहुंचे, जहां महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। जहां सम्राट सरकार के नए मंत्रियों की सूची पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा और नये मंत्रियों की लिस्ट पर मुहर लगाई जाएगी। 


 जिसके बाद अगले दिन 07 मई को कैबिनेट विस्तार का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को दोपहर 12 बजे पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है। पटना में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक प्लान भी जारी कर दिया गया है। 


इधर, शपथ ग्रहण समारोह को लेकर गांधी मैदान में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। हालांकि दोपहर में हुई हल्की बारिश से तैयारियों में थोड़ी बाधा आई, लेकिन प्रशासनिक टीम लगातार काम में जुटी रही, ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके। लेकिन यदि रात में बारिश हो गयी तो इसका असर शपथग्रहण समारोह पर पड़ेगा। गांधी मैदान में इस तरह की स्थिति से निपटने के लिए तमाम व्यवस्थाएं की गयी है। 

CM सम्राट चौधरी ने पटना एयरपोर्ट पर अमित शाह का स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा कि..महान मगध साम्राज्य की धरा, बिहार आगमन पर देश के यशस्वी केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी का पारंपरिक तरीके से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया।