PATNA:बिहार कैबिनेट की बैठक मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई। मंत्रिपरिषद की बैठक में कुल 24 एजेंडों पर मुहर लगी। बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री विजेन्द्र यादव और विजय चौधरी समेत विभिन्न विभागों के मंत्री मौजूद रहे।
कैबिनेट ने पुलिस आधुनिकीकरण के लिए 50 ड्रोन खरीदने के गृह विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। केंद्र प्रायोजित ‘पुलिस आधुनिकीकरण के लिए राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को सहायता योजना’ (ASUMP) के तहत इन ड्रोन की खरीद की जाएगी।
सरकार ने 50 ड्रोन की खरीद के लिए कुल 24.50 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इन ड्रोन का इस्तेमाल क्राउड कंट्रोल एवं मैनेजमेंट, नदी क्षेत्र में अपराध विरोधी अभियान, नक्सल विरोधी अभियान और आपदा प्रबंधन समेत विभिन्न पुलिस अभियानों में किया जाएगा।
ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से पुलिस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण में सहायता लेने और आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी बनाने का उद्देश्य है। गृह विभाग के इस प्रस्ताव पर कैबिनेट ने अपनी मुहर लगा दी है।