PATNA: पटना स्थित मुख्य सचिवालय में बुधवार को आयोजित बिहार कैबिनेट की बैठक में कुल 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। बैठक में विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा, सीमा सुरक्षा, औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से बिहार में औद्योगिक विकास, निवेश, सुरक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी।
पटना स्थित मुख्य सचिवालय में आयोजित बिहार कैबिनेट की बैठक में बुधवार को कुल 13 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बिहार काउंसिल ऑन साईंस एण्ड टेक्नोलॉजी, पटना तथा इसके अधीनस्थ कार्यालयों के लिए पूर्व से स्वीकृत कुल-94 पदों में से कुल 87 पद को प्रत्यर्पित करने एवं पदाधिकारियों / कर्मियों के कुल 53 (तिरेपन) अतिरिक्त पदों के सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे बिहार काउंसिल ऑन साईंस एण्ड टेक्नोलॉजी, पटना का अनुश्रवण एवं उसके संचालन सफलतापूर्वक एवं सुचारू रूप से किया जा सकेगा, जिससे विज्ञान में अभिरूचि रखने वाले छात्र/छात्राएं, पर्यटक तथा आम जन लाभान्वित होगें।
वहीं राज्य की अन्तर्राष्ट्रीय/अन्तर्राज्यीय सीमावर्ती सुरक्षा को तथा आसूचना तंत्र को और विकसित किये जाने के दृष्टिकोण से विशेष शाखा के अधीन पुलिस महानिरीक्षक, बॉर्डर (IG, Border) के पदनाम से 01 (एक) नये पद का सृजन की स्वीकृति प्रदान की जाती है।
वामपंथी उग्रवादियों का सफल निरोध एवं नियंत्रण हेतु सृजित विशेष कार्य बाल (STF) में विशिष्ट दक्षता प्राप्त एवं आसूचना संग्रहण इत्यादि में कौशल तथा पूर्वानुभव के आधार पर चिन्हित 50 दक्ष पुलिस कर्मियों को अधिकतम 15 वर्षों तक प्रतिनियुक्ति पर रखे जाने एवं उक्त हेतु पुलिस महानिदेशक, बिहार, पटना को शक्ति प्रत्यायोजित करने की स्वीकृति दी गई।
विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग एवं उसके अधीनस्थ संस्थानों में तकनीकी एवं विशेषज्ञ सेवाओं के लिए यंग प्रोफेशनल (Young Professionals) के चयन संबंधी नीति- 2026 पर स्वीकृति प्रदान की गई है। इस नीति के कार्यान्वयन से विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा इससे संबद्ध संस्थानों में प्रतिभाशाली यंग प्रोफेशनल (Young Professionals) की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी, साथ ही संस्थानों की कार्यक्षमता बढ़ाने, अनुसंधान एवं अन्य कार्यों के संपादन में इनका सहयोग प्राप्त किया जा सकेगा।
मेसर्स ई एस ई एनर्जी प्राईवेट लिमिटेड, कुदरा, कैमूर में ग्रेन बेस्ड 60 KLPD इथेनॉल प्लान्ट एवं 2.0 मेगावाट को जेनेरेशन पॉवर प्लान्ट इकाई की स्थापना हेतु कुल 7345.00 लाख (तिहत्तर करोड़ पैतालीस लाख रूपये) मात्र के निजी पूँजी निवेश पर वित्तीय प्रोत्साहन की स्वीकृति दी गयी। इकाई की स्थापना होने पर राज्य में पूँजी निवेश के साथ-साथ कुल 93 कुशल एवं अकुशल कामगारों का प्रत्यक्ष नियोजन हो सकेगा।
मेसर्स पटेल वेयरहाउसिंग प्रा० लि०, अरावन, बेन, नालंदा को बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन नियमावली-2016 के नियम-7 के उप नियम (2) (iv) के आलोक में 960 MTPD क्षमता का पार-बॉईल्ड राईस उत्पादन इकाई की स्थापना करने हेतु 8818.00 लाख (अठासी करोड़ अठारह लाख रूपये) मात्र के निजी पूँजी निवेश की स्वीकृति दी गयी। इकाई की स्थापना होने पर राज्य में पूँजी निवेश के साथ-साथ कुल 185 कुशल एवं अकुशल कामगारों का प्रत्यक्ष नियोजन हो सकेगा।