Bihar Cabinet Meeting: बिहार में किसानों से अनाज की सरकारी खरीद को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बड़ा फैसला लिया गया है. सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के रबी और खरीफ सीजन में अनाज की खरीद जारी रखने के लिए बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम को 11,200 करोड़ रुपये की ऋण गारंटी देने की मंजूरी दी है.
बुधवार को पटना स्थित मुख्य सचिवालय में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक हुई. बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई. इनमें किसानों से अनाज की खरीद के लिए सरकारी गारंटी देने का प्रस्ताव भी शामिल रहा.
सरकार के इस फैसले के तहत बिहार राज्य खाद्य एवं असैनिक आपूर्ति निगम को अनाज खरीदने के लिए 11,200 करोड़ रुपये तक के ऋण की सरकारी गारंटी उपलब्ध कराई जाएगी. इससे निगम को किसानों से रबी और खरीफ सीजन में अनाज खरीदने के लिए जरूरी वित्तीय संसाधन जुटाने में मदद मिलेगी.
दरअसल, सरकारी स्तर पर किसानों से अनाज की खरीद के लिए बड़ी राशि की जरूरत होती है. ऐसे में सरकार की ओर से ऋण की गारंटी मिलने से खरीद प्रक्रिया के दौरान पैसे की कमी नहीं होगी और अनाज खरीद का काम बिना रुकावट जारी रखा जा सकेगा.
सरकार के इस फैसले से वित्तीय वर्ष 2026-27 में किसानों से सरकारी स्तर पर अनाज खरीदने की व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है. साथ ही किसानों को अपनी उपज सरकारी खरीद केंद्रों पर बेचने में सुविधा मिल सकेगी.