Bihar News: बिहार बोर्ड की मैट्रिक और इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2027 में शामिल होने की तैयारी कर रहे लाखों विद्यार्थियों के लिए बड़ी खबर है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने 10वीं और 12वीं की सेंटअप परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए परीक्षा की तारीखों को लेकर तस्वीर साफ हो गई है। बोर्ड ने परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को एक अहम चेतावनी भी दी है। अगर कोई विद्यार्थी सेंटअप परीक्षा में शामिल नहीं होता है या इसमें सफल नहीं हो पाता है, तो उसे वर्ष 2027 की मुख्य बोर्ड परीक्षा का एडमिट कार्ड नहीं दिया जाएगा। ऐसे में मैट्रिक और इंटर के विद्यार्थियों के लिए इस परीक्षा को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।
बिहार बोर्ड की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, इंटरमीडिएट यानी 12वीं की सेंटअप परीक्षा 19 नवंबर से शुरू होकर 28 नवंबर 2026 तक चलेगी। वहीं, मैट्रिक यानी 10वीं की सेंटअप परीक्षा 23 नवंबर से 27 नवंबर तक आयोजित की जाएगी। दोनों कक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाओं की तारीखें भी निर्धारित कर दी गई हैं। इंटर के विद्यार्थियों की प्रैक्टिकल परीक्षा 30 नवंबर से 2 दिसंबर तक होगी, जबकि मैट्रिक की प्रायोगिक परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
परीक्षा के संचालन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने भी स्कूलों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्राचार्यों को परीक्षा की तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया है। पटना जिले में 10वीं और 12वीं की सेंटअप परीक्षा के प्रश्नपत्र निर्धारित केंद्रों से प्राप्त किए जाएंगे। वहीं, उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, राजेंद्र नगर, पटना से 17 और 18 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से किया जाएगा। स्कूलों को निर्धारित समय पर प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त करने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक चलेगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों को प्रश्नपत्र पढ़ने और जरूरी विवरण भरने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त शुरुआती समय भी मिलेगा। दिव्यांग विद्यार्थियों में स्पास्टिक, दृष्टिबाधित और स्वयं लिखने में असमर्थ परीक्षार्थियों को लेखक रखने की अनुमति दी जाएगी। ऐसे विद्यार्थियों को परीक्षा के निर्धारित समय के अतिरिक्त प्रत्येक घंटे 20 मिनट का क्षतिपूर्ति समय भी मिलेगा।
इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए विषयवार परीक्षा कार्यक्रम
12वीं की सेंटअप परीक्षा में 19 नवंबर को पहली पाली में फिजिक्स, फिलॉसफी और आंत्रप्रेन्योरशिप की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में पॉलिटिकल साइंस, एकाउंटेंसी, केमिस्ट्री और ट्रेड पेपर-1 की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
20 नवंबर को पहली पाली में गणित और ट्रेड पेपर-2 की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में जियोग्राफी, बायोलॉजी और बिजनेस स्टडी के विद्यार्थी परीक्षा देंगे। 21 नवंबर को पहली पाली में इंग्लिश और दूसरी पाली में भाषा विषय की परीक्षा होगी।
इसके बाद 25 नवंबर को पहली पाली में एग्रीकल्चर और इकोनॉमिक्स, जबकि दूसरी पाली में साइकोलॉजी की परीक्षा होगी। 26 नवंबर को पहली पाली में सोशियोलॉजी और दूसरी पाली में म्यूजिक की परीक्षा निर्धारित है। 27 नवंबर को हिस्ट्री और होम साइंस की परीक्षा होगी। वहीं, 28 नवंबर को वोकेशनल विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
मैट्रिक के विद्यार्थियों के लिए भी जारी हुआ कार्यक्रम
10वीं के विद्यार्थियों की सेंटअप परीक्षा 23 नवंबर से शुरू होगी। पहले दिन पहली पाली में मातृभाषा और दूसरी पाली में भारतीय भाषा की परीक्षा होगी। 25 नवंबर को पहली पाली में विज्ञान और संगीत, जबकि दूसरी पाली में सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
26 नवंबर को पहली पाली में गणित और गृह विज्ञान तथा दूसरी पाली में अंग्रेजी की परीक्षा होगी। 27 नवंबर को पहली पाली में ऐच्छिक विषय और दूसरी पाली में ऐच्छिक व्यावसायिक ट्रेड विषयों की परीक्षा निर्धारित की गई है। इसके बाद 28 नवंबर को मैट्रिक के विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षा होगी।
इन विद्यार्थियों को सेंटअप परीक्षा से मिली है छूट
बिहार बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पूर्ववर्ती, कंपार्टमेंटल और इंप्रूवमेंट श्रेणी के विद्यार्थियों को सेंटअप परीक्षा में शामिल होने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए इस परीक्षा में शामिल होना और सफल होना बेहद जरूरी है।
बोर्ड की चेतावनी के बाद अब 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को अपनी तैयारी तेज करनी होगी। खासकर जिन छात्रों ने अभी तक परीक्षा की तैयारी गंभीरता से शुरू नहीं की है, उनके लिए आने वाले दिन काफी महत्वपूर्ण हैं। सेंटअप परीक्षा केवल स्कूल स्तर की औपचारिक परीक्षा नहीं है, बल्कि वार्षिक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने की पात्रता से भी जुड़ी हुई है। इसलिए किसी भी विषय की परीक्षा छोड़ने या अनुपस्थित रहने से बचें और अपने स्कूल से विषयवार कार्यक्रम की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।