BLIS Students Protest: पटना के मौलाना मजहरुल हक अरबी एवं फारसी विश्वविद्यालय में रविवार को लाइब्रेरियन भर्ती परीक्षा के लिए जरूरी प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंकपत्र लेने पहुंचे अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया. प्रमाणपत्र वितरण की व्यवस्था से नाराज अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन करने के साथ मिठापुर में सड़क जाम कर दिया.


बिहार के अलग-अलग जिलों में संचालित नॉलेज रिसोर्स सेंटरों में बीलिस यानी बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस की पढ़ाई कर रहे सत्र 2025-26 के छात्र-छात्राएं अपना प्रोविजनल सर्टिफिकेट और अंकपत्र लेने विश्वविद्यालय पहुंचे थे. इसके अलावा वर्ष 2016 से लेकर 2024-25 तक के बैच के विद्यार्थी भी अपने दस्तावेज लेने के लिए विश्वविद्यालय पहुंचे.


एक साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के पहुंचने से विश्वविद्यालय परिसर में भीड़ बढ़ गई. प्रमाणपत्र वितरण काउंटर पर भी अभ्यर्थियों की संख्या काफी बढ़ गई, जिससे व्यवस्था बिगड़ गई और छात्रों को दस्तावेज लेने में परेशानी होने लगी. नाराज अभ्यर्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया और सड़क पर उतरकर मिठापुर में जाम लगा दिया.


21 अक्टूबर है आवेदन की अंतिम तारीख

अभ्यर्थियों की परेशानी की एक बड़ी वजह बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से विद्यालय पुस्तकालयाध्यक्ष पात्रता परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि नजदीक होना भी है. इस परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 21 अक्टूबर निर्धारित है. ऐसे में अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज समय पर हासिल करने की चिंता है.


अभ्यर्थियों का कहना था कि प्रमाणपत्र वितरण की व्यवस्था पहले से बेहतर की जाती तो इतनी बड़ी संख्या में छात्रों को परेशानी नहीं उठानी पड़ती. अलग-अलग सत्रों के विद्यार्थियों के एक साथ पहुंचने के कारण काउंटर पर लंबी भीड़ लग गई और प्रमाणपत्र लेने के लिए छात्रों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा.


अभ्यर्थियों की संख्या और उनकी परेशानी को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से प्रमाणपत्र वितरण के लिए अतिरिक्त काउंटर की व्यवस्था की गई. विश्वविद्यालय की ओर से काउंटर बढ़ाए जाने के बाद प्रमाणपत्र वितरण की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने का प्रयास किया गया, ताकि छात्रों की भीड़ कम हो सके और उन्हें समय पर जरूरी दस्तावेज मिल सकें.