PATNA: बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज प्रदेश कोर कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया और सह-प्रभारी रोहन गुप्ता और संगीता यादव प्रमुख रूप से शामिल हुए। बैठक में आगामी स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों, संगठनात्मक कार्यक्रमों और पार्टी की आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा चुनावी तैयारियों को प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श हुआ। विधान परिषद की आठ सीटों पर हो रहे चुनाव के मद्देनजर रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा भी चर्चा का प्रमुख विषय रही।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह बिहार प्रभारी हरीश द्विवेदी बैठक में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रदेश सह-प्रभारी संगीता यादव के प्रथम बिहार आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री सह सांसद राधा मोहन सिंह, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, पूर्व मंत्री सह विधायक एवं असम प्रभारी मंगल पांडे, सांसद संजय जायसवाल, बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा और दिलीप जायसवाल सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक प्राथमिकताओं और आगामी चुनावी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पार्टी की तैयारियों को गति देने तथा संगठन को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाने पर जोर दिया।