PATNA: बिहार सरकार इस साल 15 अगस्त तक राज्य के सभी भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराने की तैयारी में जुटी है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग 'अभियान बसेरा-2' के तहत लाभार्थियों को जमीन की बंदोबस्ती का प्रमाण पत्र प्रदान करेगा।



राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने इस बात की जानकारी दी। अभियान बसेरा-2 की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि इस योजना को सफल बनाने के लिए सभी डीएम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। 15 अगस्त को विशेष अभियान के तहत भूमिहीन परिवारों को जमीन का बंदोबस्ती प्रमाण पत्र सौंपा जाएगा।


इसके लिए पहले योग्य लाभुकों की अंतिम सूची तैयार की जाएगी। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस योजना का लाभ कुल कितने परिवारों को मिलेगा। विभाग की ओर से योग्य लाभार्थियों की पहचान के लिए 'अभियान बसेरा-2' चलाया जा रहा है। 


बता दें कि अब तक इस योजना के तहत 71,569 लोगों को लाभ मिल चुका है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी अंचलाधिकारियों को कहा है कि वे अभियान बसेरा-2 के अंतर्गत सर्वेक्षित और लंबित परिवारों की सूची का तत्काल पुनरीक्षण करें। यदि नए लाभार्थियों को योजना में शामिल किया जाना है, तो उनकी जानकारी अभियान बसेरा पोर्टल पर जल्द से जल्द दर्ज कराये।


उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को जश्न-ए-आजादी के मौके पर जिला स्तर पर मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। जहां विशेष शिविर लगाकर लाभार्थियों के बीच जमीन के बंदोबस्ती का प्रमाण पत्र वितरित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में मंत्री और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।


विभागीय मुख्यालय स्तर पर अभियान की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जा रही है, ताकि सभी पात्र भूमिहीन परिवारों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।