Bihar Crime News: बिहार के बाढ़ में शराब पार्टी के दौरान चार लोगों की मौत के मामले ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया है। घटनास्थल से मिले एक अतिरिक्त गिलास ने पूरे मामले में रहस्य और गहरा कर दिया है। पुलिस को आशंका है कि घटना के समय वहां चार नहीं, बल्कि पांच लोग मौजूद थे। अब पुलिस उस पांचवें व्यक्ति की तलाश में जुट गई है। मामला सामने आने के बाद से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वह पांचवां व्यक्ति कौन है और घटना के बाद वह कहां चला गया?
घटनास्थल पर मिला पांचवां गिलास, जांच में आया नया मोड़
बाढ़ थाना पुलिस के अनुसार, घटनास्थल की जांच के दौरान शराब से भरा एक अतिरिक्त गिलास मिला है। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मौके पर पांच लोग मौजूद थे। इनमें से एक व्यक्ति शराब नहीं पी रहा था, लेकिन उसके लिए भी गिलास में शराब रखी गई थी।
चार लोगों की मौत के बाद पुलिस अब पांचवें व्यक्ति की तलाश कर रही है। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि उससे पूछताछ के बाद शराब पार्टी के दौरान वास्तव में क्या हुआ था, इसकी कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं। बाढ़ थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों को जुटा रही है और पांचवें व्यक्ति की पहचान तथा उसके ठिकाने का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पोस्टमार्टम में जहर की आशंका, लेकिन शराब या भोजन?
चारों मृतकों के पोस्टमार्टम के बाद मामले में एक और अहम जानकारी सामने आई है। मेडिकल ऑफिसर डॉ. अजय कुमार के अनुसार, पोस्टमार्टम के दौरान प्रथमदृष्टया जहरीले पदार्थ की आशंका नजर आई है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जहरीला पदार्थ शराब के जरिए शरीर में पहुंचा या भोजन के माध्यम से। डॉक्टरों ने इसी वजह से मृतकों का विसरा सुरक्षित रख लिया है।
अब विसरा को जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लैब यानी एफएसएल भेजा जाएगा। एफएसएल की रिपोर्ट आने के बाद यह पता चल सकेगा कि शरीर में किस तरह का जहरीला पदार्थ मौजूद था और वह शराब में था या खाने की किसी वस्तु में। यानी फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है—आखिर चार लोगों की मौत की वजह शराब थी, खाना था या कोई और जहरीला पदार्थ?
मछली, रोटी और शराब की बोतल भी बरामद
जांच के दौरान घटनास्थल से मछली, रोटी और शराब की बोतल भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस इन सभी वस्तुओं को महत्वपूर्ण साक्ष्य मान रही है। संभावना है कि इनके नमूने भी जांच के लिए भेजे जाएंगे। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पार्टी में इस्तेमाल की गई शराब और भोजन कहां से आया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इनमें किसी तरह की मिलावट या जहरीला पदार्थ तो नहीं था। घटना के बाद ग्रामीणों के बीच भी कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग भोजन में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका जता रहे हैं, जबकि कुछ की नजर शराब पर है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है।
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलने के बाद कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के स्वजन से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मंत्री ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने यह भी बताया कि इस गांव से उनका पुराना संबंध रहा है और उन्होंने इसी गांव के स्कूल से शिक्षा प्राप्त की है। घटना ने उन्हें भी गहरा दुख पहुंचाया है।
पांचवां शख्स खोलेगा मौत का राज?
चार मौतों के बाद घटनास्थल से मिला पांचवां गिलास अब पुलिस की जांच का सबसे अहम सुराग बन गया है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि पांचवां व्यक्ति कौन था, वह मृतकों के साथ किस संबंध में था और घटना के बाद वह वहां से क्यों चला गया।अगर पुलिस पांचवें व्यक्ति तक पहुंचती है तो शराब पार्टी में मौजूद लोगों, खाने-पीने की चीजों और घटना से पहले की पूरी गतिविधि के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
फिलहाल पुलिस पांचवें व्यक्ति की तलाश के साथ-साथ घटनास्थल से बरामद सामान और मृतकों के विसरा की एफएसएल जांच का इंतजार कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही यह तस्वीर साफ हो पाएगी कि चार लोगों की मौत जहरीली शराब से हुई, जहरीले भोजन से या किसी अन्य पदार्थ के कारण। फिलहाल एक अतिरिक्त गिलास ने चार मौतों के इस मामले को और उलझा दिया है और पुलिस की जांच अब इसी ‘पांचवें शख्स’ के इर्द-गिर्द घूम रही है।