Bihar News :  बिहार बंद के दौरान हुए प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई के बाद सामने आई तस्वीरें बेहद चिंताजनक हैं। राजधानी पटना के अलग-अलग अस्पतालों में कई घायल इलाज करा रहे हैं। इनमें एक 15 वर्षीय किशोर, सेना भर्ती की तैयारी कर रहा एक युवक, जन्मदिन का केक लेकर लौट रहा युवक और दो प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) शामिल हैं। घायलों का इलाज जयप्रभा मेदांता अस्पताल, आईजीआईएमएस और पीएमसीएच में चल रहा है।


सबसे गंभीर स्थिति छपरा के रिविलगंज प्रखंड के बीडीओ रितेश कुमार की बताई जा रही है। उनके सिर पर गंभीर चोट लगने के बाद डॉक्टरों ने आपातकालीन ब्रेन सर्जरी की। फिलहाल उन्हें आईसीयू में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा है, लेकिन उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।


वहीं, एक अन्य बीडीओ दृष्टि पाठक का इलाज आईजीआईएमएस के क्षेत्रीय चक्षु रोग संस्थान में चल रहा है। उनके सिर और आंख में गंभीर चोट आई है। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी एक आंख बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। न्यूरोलॉजिकल स्थिति स्थिर होने के बाद आंख की सर्जरी की जाएगी। फिलहाल उन्हें भी आईसीयू में रखा गया है और लगातार निगरानी की जा रही है।


15 वर्षीय आरिफ के गले में लगी गोली

घायलों में सबसे कम उम्र का 15 वर्षीय आरिफ है। परिजनों के मुताबिक वह एक दुकान में काम करता है। दुकान बंद कर घर लौटते समय वह गोलीबारी की चपेट में आ गया और उसके गले में गोली लग गई। डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन कर गोली निकाल दी है। अब उसकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर बताया जा रहा है।


जन्मदिन का केक लेने गया युवक भी हुआ घायल

घटना में घायल आकाश यादव रायबरेली का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह अपने जन्मदिन के लिए बेकरी से केक खरीदकर लौट रहा था। इसी दौरान हुई गोलीबारी में वह घायल हो गया। इलाज के बाद उसकी स्थिति में सुधार है और डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है।


सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक के दोनों पैरों में लगी गोली

तीसरे घायल बुलेट गौर सेना भर्ती की तैयारी कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार वह जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए आए थे। इसी दौरान हुई हिंसा और पुलिस कार्रवाई में उनके दोनों पैरों में गोली लग गई। उनका इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।


मेदांता में भर्ती तीनों प्रदर्शनकारी खतरे से बाहर

जयप्रभा मेदांता अस्पताल में भर्ती तीनों प्रदर्शनकारियों की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि सभी मरीजों को गोली और अन्य चोटें लगी थीं, लेकिन उपचार के बाद अब उनकी स्थिति स्थिर है। स्वास्थ्य में सुधार जारी रहने पर उन्हें जल्द अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।


तेजस्वी यादव ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली और घायल मरीजों के परिजनों से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने बेहतर इलाज सुनिश्चित करने की बात कही।


पीएमसीएच में भी कई घायल भर्ती

बिहार बंद के दौरान घायल चार लोगों को पीएमसीएच भी लाया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि एक मरीज अभी भर्ती है। उसके पैर में फ्रैक्चर है और हड्डी रोग विशेषज्ञों की टीम आगे के उपचार और संभावित सर्जरी की तैयारी कर रही है।


बिहार बंद के दौरान हुई हिंसा ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल अस्पतालों में भर्ती अधिकांश घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि दोनों बीडीओ की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।