Bakhtiyarpur Name Change : बिहार की राजनीति में अब नाम परिवर्तन को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक मीडिया इंटरव्यू में यह बयान दिया है कि बख्तियारपुर का नाम बदलना चाहिए। इसके बाद अब नए नाम को लेकर डिमांड भी शुरू हो गई है। सरकार में सहयोगी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने बख्तियारपुर का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखने की डिमांड की है।
दरअसल, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से एक मीडिया इंटरव्यू में यह सवाल किया गया कि आप भी बिहार के कुछ जगहों का नाम बदलने वाले हैं, ऐसी चर्चा हो रही है। इसमें एक नाम बख्तियारपुर का भी है। इसके जवाब में सम्राट ने कहा कि उन्हें इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है कि बख्तियारपुर का नाम बदलने की औपचारिक प्रक्रिया चल रही है या नहीं, लेकिन उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बख्तियारपुर का नाम जरूर बदला जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अपने बयान में इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि अगर बख्तियार खिलजी ने अराजकता फैलाई और इतिहास में नालंदा के जलाए जाने की घटनाओं का उल्लेख मिलता है, तो उसके नाम पर किसी शहर का नाम होना उचित नहीं माना जा सकता।
इसके बाद अब यह चर्चा होने लगी कि यदि बख्तियारपुर का नाम बदला जाएगा तो नया नाम क्या होगा। अब इसी मुद्दे को लेकर बिहार सरकार के मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन ने अपना पक्ष रखा है। उन्होंने यह डिमांड की है कि जिस धरती ने बिहार को नीतीश कुमार जैसा जननेता दिया, उसकी पहचान भी उस गौरव के नाम से हो—‘बख्तियारपुर’ बने ‘नीतीशपुर’।
संतोष कुमार सुमन ने कहा है कि बख्तियारपुर केवल एक भौगोलिक पहचान नहीं है। यह उस महान जननेता की जन्मभूमि है, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन से बिहार की राजनीति, विकास और शासन की दिशा को एक नई पहचान दी। श्री नीतीश कुमार जी की जीवन-यात्रा, संघर्ष और असंख्य स्मृतियां इस धरती से जुड़ी हुई हैं।
बिहार को विकास, सुशासन और सामाजिक परिवर्तन की नई राह देने वाले ऐसे जननेता की जन्मभूमि को उनके नाम से सम्मानित करना केवल एक स्थान का नाम बदलना नहीं होगा, बल्कि उस मिट्टी के गौरव, उसके इतिहास और उससे जुड़ी जनभावनाओं को सम्मान देना होगा।
इसी भावना के साथ मैं माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी के समक्ष बख्तियारपुर का नाम बदलकर ‘नीतीशपुर’ करने का प्रस्ताव रखता हूं। जिस धरती ने बिहार को नीतीश कुमार जैसा जननेता दिया, उसकी पहचान भी उस गौरव के नाम से हो—‘बख्तियारपुर’ बने ‘नीतीशपुर’।