इस वक्त की बड़ी खबर पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के देदौर गांव से निकल कर सामने आ रहा है। जहां बुधवार को कर्मा पूजा के विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। गंगा किनारे बने गहरे गड्ढे में एक साथ छह लोगों के डूबने की सूचना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू किया। अब तक तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। वहीं, दो अन्य लोगों की तलाश अभी जारी है।
बताया जा रहा है कि, देदौर गांव के कुछ लोग कर्मा पूजा के विसर्जन के लिए गंगा किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान पूजा सामग्री के विसर्जन के क्रम में कुछ लोग गंगा किनारे बने गहरे गड्ढे में चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। एक साथ कई लोगों के डूबने की खबर मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बचाव अभियान शुरू किया और पानी में उतरकर तीन लोगों को बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है, जिसका शव बरामद कर लिया गया है। वहीं, दो अन्य लोगों के पानी में लापता होने की सूचना है। उनकी तलाश के लिए स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और बचाव दल जुटा हुआ है।
वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही बख्तियारपुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। गंगा किनारे बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई है।