Bihar ASHA Workers News: बिहार में आशा कार्यकर्ताओं के लिए अच्छी खबर है. राज्य सरकार अब उन्हें हर महीने 1,000 रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देगी. इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से जोड़ा जाएगा. उन्हें अपने नियमित काम के अलावा आयुष विभाग की ओर से तय की गई गतिविधियों में भी सहयोग करना होगा.


इस नई व्यवस्था का उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में आयुष चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करना और ज्यादा से ज्यादा लोगों तक इसका लाभ पहुंचाना है. इसके तहत राज्य के 294 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आशा कार्यकर्ताओं को टैग किया जाएगा. प्रत्येक केंद्र से अधिकतम पांच आशा कार्यकर्ताओं को जोड़ा जा सकेगा.


मरीजों की पहचान से लेकर इलाज के बाद फॉलोअप तक की जिम्मेदारी

नई व्यवस्था के तहत आशा कार्यकर्ताओं को ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद मरीजों की पहचान करनी होगी. इसके बाद उन्हें संबंधित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में इलाज के लिए भेजना होगा. मरीजों के उपचार के बाद उनका फॉलोअप करने में भी आशा सहयोग करेंगी.


इसके अलावा ग्रामीणों को आयुष चिकित्सा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देना और लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी उनकी जिम्मेदारी होगी. आशा कार्यकर्ता लोगों को संतुलित खानपान, नियमित योगाभ्यास, बेहतर जीवनशैली और स्वस्थ व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करेंगी. केंद्रों पर आयोजित होने वाले योग सत्रों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा.


इस योजना के तहत समस्तीपुर जिले के नौ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को शामिल किया गया है. इनमें समस्तीपुर सदर की जिला संयुक्त डिस्पेंसरी और राजकीय आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी, मोरवा प्रखंड की राजकीय यूनानी डिस्पेंसरी सातनपुर, ताजपुर की राजकीय होमियोपैथिक डिस्पेंसरी कोठिया और कल्याणपुर की राजकीय यूनानी डिस्पेंसरी शामिल हैं.


इसके अलावा सरायरंजन की राजकीय आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी मुसापुर, विभूतिपुर का स्वास्थ्य उपकेंद्र गंगौली, पूसा का स्वास्थ्य उपकेंद्र गंगापुर और शिवाजीनगर का स्वास्थ्य उपकेंद्र बंधार भी इस व्यवस्था से जोड़े गए हैं.


इस संबंध में राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार की ओर से सभी सिविल सर्जन और जिला कार्यक्रम प्रबंधकों को पत्र जारी किया गया है. आशा कार्यकर्ताओं को चिह्नित केंद्रों से जोड़ने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को आवश्यक समन्वय की जिम्मेदारी दी गई है.


समस्तीपुर के सिविल सर्जन डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि जिले के चिह्नित नौ आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से आशा कार्यकर्ताओं को जोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष चिकित्सा सेवाओं के प्रति लोगों की जागरूकता बढ़ेगी.