Bihar Air Pollution: दीपावली की रात हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब बिहार के शहरों की हवा पर साफ दिखाई देने लगा है। पटाखों से निकले धुएं के कारण राज्य के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है। सोमवार सुबह तक भी हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो सका। बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, बक्सर और मुंगेर समेत बिहार के 17 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद खराब स्तर पर दर्ज किया गया।




रविवार को शाम ढलते ही पटाखों की आवाज से आसमान गूंजने लगा। देर रात तक आतिशबाजी का सिलसिला जारी रहा। इसके चलते कुछ ही घंटों में कई इलाकों में धुएं और धुंध की मोटी परत छा गई। इसका असर दृश्यता पर भी देखने को मिला। पटाखों से निकले धुएं और हानिकारक गैसों ने शहरों की हवा को प्रदूषित कर दिया है।




AQI.in वेबसाइट पर सोमवार सुबह उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, बेगूसराय बिहार का सबसे प्रदूषित शहर रहा, जहां AQI 548 दर्ज किया गया। वहीं, मुजफ्फरपुर 450 AQI के साथ दूसरे और बक्सर 436 AQI के साथ तीसरे स्थान पर रहा। इसके अलावा मुंगेर में 400, समस्तीपुर में 371 और दरभंगा में 351 AQI दर्ज किया गया।




राजधानी पटना की हवा भी प्रदूषण से बेहाल रही। यहां सोमवार सुबह AQI 308 दर्ज किया गया, जबकि आरा में यह आंकड़ा 309 रहा। पटना में दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक स्थिति में पहुंच गया था। AQI.in के अनुसार, देर रात शहर का AQI 998 के पार चला गया था। हालांकि, सोमवार सुबह तक इसमें गिरावट आई, लेकिन हवा की गुणवत्ता सामान्य नहीं हो सकी।




पटाखों के धुएं में मौजूद सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें सांस के जरिए शरीर में पहुंचकर स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकती हैं। इससे अस्थमा और सांस संबंधी दूसरी बीमारियों से पीड़ित लोगों को परेशानी हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों पर भी प्रदूषित हवा का असर अधिक पड़ने की आशंका रहती है।




ऐसे में लोगों को सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए। सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को खुले में व्यायाम और अधिक शारीरिक मेहनत करने से परहेज करना चाहिए। जरूरी होने पर बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनना भी फायदेमंद हो सकता है।




नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होने के बावजूद बिहार में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में गर्मी का अहसास बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान किसी भी जिले में आंधी या बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।