Bihar News : बिहार में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बिजली आपूर्ति पहले से ज्यादा बेहतर और भरोसेमंद होने की उम्मीद है। राज्य में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सात नए पावर सबस्टेशन (विद्युत उपकेंद्र) चालू किए गए हैं। इनसे करीब पांच लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने वाला है। खास बात यह है कि इन उपकेंद्रों के शुरू होने से बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। गर्मी के मौसम में होने वाली ओवरलोडिंग और बार-बार बिजली कटौती की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार में इन सात नए पावर सबस्टेशनों का शुभारंभ किया। इसके साथ ही बिजली वितरण व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 423 नए आपूर्ति ट्रांसफार्मर और 497 किलोमीटर एबी केबल लगाने के कार्यों की भी शुरुआत की गई। इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना है।
सबसे खास बात इन सातों नए पावर सबस्टेशनों की क्षमता को लेकर है। सभी उपकेंद्रों की क्षमता 20-20 एमवीए निर्धारित की गई है। प्रत्येक सबस्टेशन से अधिकतम 16 मेगावाट तक बिजली की आपूर्ति की जा सकेगी। यानी सातों उपकेंद्रों से मिलाकर अधिकतम 112 मेगावाट तक बिजली आपूर्ति की क्षमता तैयार होगी। हालांकि, यह बिजली उत्पादन नहीं, बल्कि बिजली वितरण और आपूर्ति की क्षमता है। इन उपकेंद्रों के चालू होने से संबंधित क्षेत्रों में बिजली की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
नए पावर सबस्टेशन पटना और आसपास के इलाकों में स्थापित किए गए हैं। इनमें खगौल के डीपीएस मोड़, दानापुर ब्लॉक, गुलजारबाग स्थित एससीईआरटी परिसर, कंकड़बाग के छोटी पहाड़ी-2 और पटना ग्रामीण क्षेत्र के फतुहा स्थित नरायना शामिल हैं। इसके अलावा बख्तियारपुर के मंझौली और नौबतपुर के गोपालपुर में भी नए विद्युत उपकेंद्र शुरू किए गए हैं। इन सभी उपकेंद्रों को आधुनिक जीआईएस तकनीक के आधार पर तैयार किया गया है। इससे बिजली आपूर्ति को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने और जरूरत के अनुसार बिजली वितरण करने में मदद मिलेगी।
इन नए उपकेंद्रों के चालू होने का सबसे बड़ा फायदा पटना और आसपास के उन इलाकों को मिलेगा, जहां गर्मी के दिनों में बिजली की मांग काफी बढ़ जाती है। खगौल, कलिकेत नगर, डीपीएस स्कूल के आसपास का क्षेत्र, सगुना मोड़, आईएएस कॉलोनी, रामजयपाल पथ, आरपीएस मोड़ और गोला रोड के उपभोक्ताओं को इससे राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं दानापुर, तकियापर, अगमकुआं, छोटी पहाड़ी, संप हाउस, सहनी क्रेन और गुलजारबाग स्थित एससीईआरटी परिसर के आसपास भी बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। इसके अलावा फतुहा के नरायना, बख्तियारपुर के मंझौली और नौबतपुर के गोपालपुर समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी इसका लाभ मिलेगा।
बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए केवल नए उपकेंद्र ही नहीं बनाए गए हैं, बल्कि पुराने वितरण नेटवर्क को भी मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 423 नए आपूर्ति ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। इन ट्रांसफार्मरों से उन मोहल्लों और इलाकों को राहत मिलेगी, जहां बिजली की खपत बढ़ने के कारण ट्रांसफार्मर पर अधिक दबाव पड़ता था। ओवरलोडिंग के कारण कई बार फेज बंद होने और घंटों बिजली गुल रहने जैसी समस्याएं सामने आती थीं।
इसके साथ ही 497 किलोमीटर एबी केबल बिछाने का काम भी शुरू किया गया है। एबी केबल लगने से खुले बिजली तारों की जगह सुरक्षित केबल का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे बिजली आपूर्ति में सुरक्षा बढ़ेगी और तारों से होने वाली तकनीकी परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी।
इस परियोजना की एक और खासियत यह है कि नए पावर सबस्टेशनों से जुड़े उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति के लिए दो स्रोतों की सुविधा मिलेगी। यानी किसी तकनीकी खराबी या अन्य कारण से एक सबस्टेशन से बिजली आपूर्ति बाधित होती है तो दूसरे स्रोत से बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे लंबे समय तक बिजली गुल रहने की समस्या कम होने की उम्मीद है।
कुल मिलाकर बिहार में सात नए पावर सबस्टेशन, 423 आपूर्ति ट्रांसफार्मर और 497 किलोमीटर एबी केबल से बिजली वितरण व्यवस्था को नई मजबूती मिलने वाली है। खासकर पटना और आसपास के इलाकों में रहने वाले करीब पांच लाख लोगों के लिए यह परियोजना राहत लेकर आ सकती है। अब देखना होगा कि इन नई सुविधाओं के शुरू होने के बाद जमीनी स्तर पर बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या में कितनी कमी आती है।