Bihar News: बिहार सरकार राज्य के असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले 50 लाख श्रमिकों का आधार आधारित डाटा बैंक तैयार करेगी। इस डाटा को केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के साथ साझा किया जाएगा, ताकि श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी केंद्रीय योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही, उनकी योग्यता और कौशल के अनुसार रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।



प्रस्तावित डाटा बैंक में प्रत्येक श्रमिक का विस्तृत ब्योरा दर्ज किया जाएगा। इसमें अकुशल, कुशल और अतिकुशल श्रमिकों की जानकारी शामिल होगी। इसके अलावा प्रवासी श्रमिकों का भी अलग से डाटा तैयार किया जाएगा। अब तक राज्य के करीब सात लाख प्रवासी श्रमिकों का डाटा तैयार किया जा चुका है।



श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए राज्य के सभी जिलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग इन शिविरों के आयोजन को लेकर कैलेंडर तैयार कर रहा है। शिविरों में जिला स्तर के ऑपरेटरों को तैनात किया जाएगा और जिला श्रमाधीक्षक की निगरानी में श्रमिकों का पंजीकरण कराया जाएगा।



केंद्र सरकार के निर्देश के बाद श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने अधिकारियों को जिला स्तर पर विशेष पंजीयन शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित करने को कहा है।



श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव डॉ. चंद्र भूषण कुमार ने बिहार सरकार से श्रमिकों का एकीकृत डाटा साझा करने का आग्रह किया है। उनके अनुसार, इससे श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनकी योग्यता के अनुसार उचित मार्गदर्शन देने में मदद मिलेगी।



इस व्यवस्था से विशेष रूप से रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को अपनी योग्यता, जरूरत और पसंद के अनुसार नौकरी चुनने में सहूलियत होगी। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर भी रोजगार तलाशने की सुविधा मिलेगी। युवा अपने घर से निर्धारित दूरी के भीतर उपलब्ध नौकरियों और रोजगार के अवसरों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।