Bihar News : बिहार के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने डिजिटल हाजिरी की व्यवस्था लागू की, लेकिन इसका भी कोई खास असर होता नहीं दिख रहा है। हालात ऐसे हैं कि स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए ऑनलाइन सिस्टम लागू होने के बावजूद हर दिन औसतन 25 हजार शिक्षक स्कूलों से अनुपस्थित रह रहे हैं। कहीं शिक्षक देर से पहुंच रहे हैं तो कहीं स्कूल की छुट्टी होने से पहले ही घर लौट जा रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि कुछ शिक्षक स्कूल में मौजूद हुए बिना ही डिजिटल हाजिरी बनाने के तरीके भी अपना रहे हैं।
बिहार शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से डिजिटल हाजिरी अनिवार्य की है। इसके तहत शिक्षकों को मोबाइल एप पर मार्क-इन और मार्क-आउट करना होता है। साथ ही स्कूल परिसर में पहुंचकर अपनी सेल्फी अपलोड करना भी जरूरी है। इस व्यवस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि शिक्षक समय पर स्कूल पहुंचें और निर्धारित समय तक बच्चों को पढ़ाएं। लेकिन निगरानी व्यवस्था के बावजूद कई जिलों से लापरवाही और गड़बड़ी के मामले सामने आ रहे हैं।
शिक्षा विभाग के निगरानी आंकड़ों और जिला स्तरीय औचक निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में हर दिन औसतन 25 हजार से अधिक शिक्षक ड्यूटी से नदारद रहते हैं। इसमें ऐसे शिक्षक भी शामिल हैं, जो देर से स्कूल पहुंचते हैं और समय से पहले ही निकल जाते हैं। विभाग की तकनीकी जांच में कई शिक्षकों की सेल्फी में संदिग्ध गतिविधियां भी सामने आई हैं। कहीं एक ही फोटो कई दिनों तक अपलोड की गई, तो कहीं शिक्षकों ने कपड़े बदले बिना लगातार पुरानी तस्वीरों का इस्तेमाल किया। इससे डिजिटल हाजिरी की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कुछ शिक्षक मोबाइल के जरिए भी हाजिरी में गड़बड़ी कर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, कई स्कूलों में शिक्षक सुबह पहुंचकर मार्क-इन कर देते हैं, लेकिन शाम को मार्क-आउट करना भूल जाते हैं। वहीं, कुछ शिक्षक समूह बनाकर एक-दूसरे की मदद से हाजिरी पूरी कर लेते हैं। कई जगहों पर शिक्षकों के बीच आपसी तालमेल से रोटेशनल तरीके से हाजिरी बनाने की बात भी सामने आई है। यानी एक शिक्षक दूसरे की मदद करता है और इसी तरह व्यवस्था में गड़बड़ी की जाती है।
इस लापरवाही का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। गणित, अंग्रेजी और विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों की कक्षाएं सबसे अधिक प्रभावित बताई जा रही हैं। पटना, मुजफ्फरपुर, गया, भागलपुर, समस्तीपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों के विद्यालयों से शिक्षकों की नियमित उपस्थिति नहीं होने की शिकायतें मिली हैं। कई स्कूलों में निर्धारित समय सुबह 9 बजे होने के बावजूद शिक्षक 10:15 या 10:30 बजे तक पहुंचते हैं। इस दौरान बच्चे स्कूल में बैठकर अपने शिक्षकों का इंतजार करते रहते हैं।
कुछ जिलों में शिक्षकों की गैरहाजिरी के मामले तो और भी चौंकाने वाले हैं। जहानाबाद के रमदानी स्कूल में शिक्षक ज्ञान कुमार लगातार 15 दिनों तक स्कूल से गायब रहे। पश्चिम चंपारण के बेतिया में 37 शिक्षकों के लगातार स्कूल नहीं आने का मामला सामने आया, जिसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, सहरसा के मुसहरी टोला स्थित नवहट्टा की शिक्षिका सुनीता कुमारी 67 दिनों तक स्कूल से गायब रहीं।
अब शिक्षा विभाग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि शिक्षकों को मार्क-इन और मार्क-आउट दोनों करना अनिवार्य होगा। यदि किसी दिन शिक्षक की हाजिरी में गड़बड़ी मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। बार-बार ऐसा करने वाले शिक्षकों का वेतन काटने से लेकर निलंबन तक की कार्रवाई हो सकती है। विभाग फर्जी फोटो और मोबाइल शेयरिंग के जरिए बनाई जा रही हाजिरी को रोकने के लिए तकनीकी व्यवस्था को भी मजबूत करने की तैयारी में है।
इसके लिए एप में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित लाइवनेस डिटेक्शन सिस्टम लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसके तहत शिक्षकों को सेल्फी लेते समय पलक झपकाने या चेहरे की गतिविधि दिखाने का निर्देश मिल सकता है, ताकि पुरानी तस्वीरों के इस्तेमाल पर रोक लगाई जा सके। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी साफ किया है कि शिक्षकों की सुविधा के लिए स्कूलों में पोस्टिंग की गई है, लेकिन इसका गलत फायदा उठाकर स्कूल आने-जाने में लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
डिजिटल हाजिरी लागू करने के पीछे सरकार की मंशा स्कूलों में पढ़ाई का माहौल बेहतर बनाने और शिक्षकों की जवाबदेही तय करने की थी। लेकिन जब तकनीक को ही चकमा देने के तरीके अपनाए जाने लगें तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। अब देखना होगा कि वेतन कटौती, निलंबन और नई तकनीकी निगरानी के जरिए शिक्षा विभाग स्कूलों से गायब रहने वाले शिक्षकों पर कितना अंकुश लगा पाता है।