Amrit Bharat Train: बिहार से गुजरात आने-जाने वाले रेल यात्रियों को बड़ी सौगात मिली है। रेल मंत्रालय ने बिहार के बरौनी और गुजरात के भुज के बीच चलने वाली नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन का परिचालन शुरू होने के बाद बिहार और गुजरात के अलावा राजस्थान और यूपी के कई शहरों के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।



दरअसल, भुज-बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 19427/19428 के साथ चलाई जाएगी। अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन करीब 2,532 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। ट्रेन अपने सफर को लगभग 10 घंटे 30 मिनट में पूरा करेगी। ट्रेन की अधिकतम रफ्तार करीब 110 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने की बात सामने आई है।



भुज से बरौनी के बीच चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस के मार्ग में गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख स्टेशन शामिल होंगे। इसके प्रमुख ठहराव समाखियाली, अहमदाबाद, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, मथुरा, हाथरस, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, लखीमपुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी होगा। इनके अलावा ट्रेन रास्ते में अन्य स्टेशनों पर भी रुकेगी। इससे गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।



ट्रेन संख्या 19427 भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस भुज से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 4:05 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 19428 बरौनी-भुज अमृत भारत एक्सप्रेस बरौनी से रात 11:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:15 बजे भुज पहुंचेगी।



यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। भुज से बरौनी- सोमवार, बुधवार और शनिवार और बरौनी से भुज- मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलेगी। भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 कोच होंगे। इनमें 11 जनरल क्लास कोच, 8 स्लीपर क्लास कोच, 1 पैंट्री कार और 2 लगेज-कम-दिव्यांगजन कोच शामिल होंगे।



अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की शुरुआत वर्ष 2023 में की गई थी। इन ट्रेनों को खास तौर पर निम्न और निम्न-मध्यम आय वर्ग के यात्रियों के लिए किफायती सेवा के तौर पर तैयार किया गया है। इनमें आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर यात्री अनुभव देने की कोशिश की गई है।