भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में दीपावली की रात एक मामूली विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया कि देखते ही देखते गांव में चीख-पुकार मच गई। छठ गीत बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। आरोप है कि गुस्से में आए एक स्कॉर्पियो सवार ने मंदिर के पास मौजूद लोगों पर गाड़ी चढ़ा दी। इस घटना में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
मामला भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के रामडिहरा गांव का बताया जा रहा है। घटना की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। जिस जगह कुछ देर पहले तक छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही थी, वहां अचानक चीख-पुकार और लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की चपेट में आए कई लोग सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि गाड़ी की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
छठ गीत बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, फिर लौटकर आया आरोपी!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दीपावली की रात गांव के सूर्य मंदिर के पास छठ पूजा से जुड़े गीत बजाए जा रहे थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो से पहुंचे एक व्यक्ति ने छठ गीत बजाने का विरोध किया। इस बात को लेकर वहां मौजूद लोगों के साथ उसकी कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद ने तूल पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने के बाद आरोपी मौके से अपनी स्कॉर्पियो लेकर चला गया। लोगों को लगा कि मामला शांत हो गया है और अब सब कुछ सामान्य हो जाएगा। लेकिन कुछ देर बाद जो हुआ, उसने पूरे गांव को दहला दिया।
आरोप है कि वही व्यक्ति दोबारा अपनी स्कॉर्पियो लेकर मंदिर के पास पहुंचा और वहां मौजूद लोगों को निशाना बनाते हुए गाड़ी चढ़ा दी। इस दौरान करीब 10 लोग वाहन की चपेट में आ गए। कुछ लोगों को गाड़ी ने टक्कर मारकर दूर फेंक दिया, जबकि कुछ को कथित तौर पर काफी दूर तक घसीटा गया। हालांकि, घटना के पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
दो लोगों की मौत, कई परिवारों में पसरा मातम
इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान 55 वर्षीय दिनेश यादव और 45 वर्षीय कमलेश यादव के रूप में बताई जा रही है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया। दीपावली की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं।
घटना में आधा दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में घायलों का उपचार किया गया। कई लोगों को चोटें आने की बात कही जा रही है। गांव के लोगों के लिए यह घटना किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। जिस रात घरों में दीप जलाए जा रहे थे और त्योहार की खुशियां मनाई जा रही थीं, उसी रात कई परिवारों के घरों में अंधेरा छा गया।
घटना के बाद गांव में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
वारदात की सूचना मिलने के बाद बिहिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल होने की भी जानकारी सामने आई है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। विवाद किस बात पर और किन परिस्थितियों में शुरू हुआ, स्कॉर्पियो किसके नाम पर है और घटना के समय वाहन कौन चला रहा था, इन तमाम बिंदुओं की पड़ताल की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर छोटी-छोटी बातों पर विवाद इतना हिंसक कैसे हो जाता है कि किसी की जान तक चली जाती है? छठ गीत बजाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी अगर शुरुआती दौर में ही शांत हो जाती तो शायद दो लोगों की जान नहीं जाती और कई परिवारों को इस दर्दनाक हादसे का सामना नहीं करना पड़ता।