Bharat Taxi Service Bihar: बिहार में टैक्सी और ऑटो से सफर करने वाले लोगों को जल्द ही एक नया विकल्प मिलने वाला है. राज्य में नवंबर महीने के अंत तक भारत टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारी है. पहले चरण में पटना, गया, वैशाली और मुजफ्फरपुर में इस सेवा की शुरुआत की जाएगी. इसके लिए भारत टैक्सी के कस्टमर एप की टेस्टिंग पूरी कर ली गई है और एप को एक्टिवेट भी कर दिया गया है.


भारत टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारियों को लेकर सोमवार को परिवहन सचिव राज कुमार की अध्यक्षता में विश्वेश्वरैया भवन में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में सेवा के प्रस्तावित लॉन्च, वाहन और चालक पंजीकरण, परमिट से जुड़े नियमों, आईटी प्लेटफॉर्म और प्रचार-प्रसार की तैयारियों पर चर्चा की गई. परिवहन सचिव ने सभी संबंधित विभागों और संगठनों को आपसी समन्वय के साथ बची हुई तैयारियां तय समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.


परिवहन सचिव राज कुमार ने कहा कि भारत टैक्सी सेवा शुरू होने से यात्रियों और टैक्सी चालकों दोनों को परिवहन का नया विकल्प मिलेगा. इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से टैक्सी सेवा में तकनीक आधारित सुविधाओं और पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लॉन्च से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा.


पहले चरण में इन चार जिलों में मिलेगी सुविधा

राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन ने बताया कि भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत पहले चरण में पटना, गया, वैशाली और मुजफ्फरपुर से करने की योजना है. इसके लिए ऑटो और कैब एसोसिएशन के सहयोग से अधिक से अधिक चालकों को प्लेटफॉर्म से जोड़ने की तैयारी की जा रही है. इससे यात्रियों को टैक्सी और ऑटो बुक करने का एक नया विकल्प मिलेगा.


अब तक 2,005 चालक प्लेटफॉर्म से जुड़े

भारत टैक्सी के सीईओ कर्नल हिमांशु ने बैठक में बताया कि बिहार में अब तक करीब 2,005 टैक्सी चालक इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं. उन्होंने बताया कि भारत टैक्सी सहकारी मॉडल पर काम करती है. इसमें टैक्सी चालक केवल सेवा देने वाले ड्राइवर नहीं होंगे, बल्कि सहकारी समिति के सदस्य और हिस्सेदार भी बन सकेंगे. उन्हें समिति के प्रबंधन बोर्ड में प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी मिलेगा.


क्या है भारत टैक्सी सेवा

भारत टैक्सी एक मोबाइल एप आधारित टैक्सी बुकिंग प्लेटफॉर्म है. इसके जरिए यात्री मोबाइल एप से टैक्सी और ऑटो बुक कर सकेंगे. इस व्यवस्था में स्थानीय चालकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ने का अवसर मिलेगा. साथ ही चालकों को प्रति राइड कमीशन कटौती से राहत देने का प्रावधान भी बताया गया है.


यात्रियों को एप पर किराये और वाहन की उपलब्धता की जानकारी मिलेगी. वहीं महिला यात्रियों समेत अन्य लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की योजना है.


बैठक में पटना नगर आयुक्त यशपाल मीणा, डीआईजी ट्रैफिक सुशांत कुमार सरोज, जिला परिवहन पदाधिकारी उपेंद्र पाल, भारत टैक्सी के प्रतिनिधि, बिहार मोटर कैब ड्राइवर्स यूनियन और पटना कैब ड्राइवर्स यूनियन के प्रतिनिधि मौजूद रहे.