Bihar News : बिहार के बेगूसराय जिले में अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक दूध कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने हत्या के पीछे 'मुखबिरी' की आशंका जताते हुए रिश्ते के भतीजे समेत कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
चपरिया चौर में घात लगाकर बदमाशों ने मारी गोली
जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भर्रा और बड़ी सांख गांव के बीच स्थित चपरिया चौर में शनिवार की देर शाम दूध कारोबारी विनोद कुमार यादव (35) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। विनोद कुमार यादव बड़ी सांख गांव वार्ड संख्या-9 निवासी सत्यनारायण यादव के पुत्र थे।
बताया जा रहा है कि विनोद रोज की तरह बाइक से दूध लेकर बड़ी सांख गांव से बेगूसराय शहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची मुफस्सिल थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की।
FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई। इसके बाद एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। वैज्ञानिक तरीके से मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
भतीजे पर हत्या की साजिश का आरोप
इस हत्याकांड में मृतक के परिजनों ने अपने ही रिश्तेदारों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के बड़े भाई परमानंद यादव ने रिश्ते के भतीजे मुकेश यादव समेत रामाश्रय यादव, अनिल यादव और अन्य लोगों को आरोपी बनाया है।परमानंद यादव का आरोप है कि मुकेश यादव पिछले कई महीनों से उनके भाई विनोद कुमार यादव को जान से मारने की धमकी दे रहा था। उसे शक था कि विनोद पुलिस को सूचना देकर अवैध शराब की खेप पकड़वाते हैं। इसी विवाद और दुश्मनी के कारण हत्या की साजिश रची गई।
वहीं मृतक के पुत्र कुणाल कुमार ने भी आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग अवैध शराब के कारोबार में शामिल हैं। पिछले दिनों शराब से जुड़े मामलों में कार्रवाई होने के बाद आरोपियों को उनके पिता पर पुलिस की मुखबिरी करने का शक हो गया था। इसी वजह से उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
पुलिस की जांच में सामने आया पुराना विवाद
बेगूसराय पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, शुरुआती जांच में मृतक विनोद यादव और उनके गोतिया मुकेश यादव के बीच पहले से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, करीब 5 से 6 महीने पहले शराब से जुड़े एक मामले में मुकेश यादव के जेल जाने की बात सामने आई थी। परिजनों का कहना है कि मुकेश को शक था कि विनोद यादव की सूचना के कारण उसके खिलाफ कार्रवाई हुई थी। इसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि अभी जांच जारी है और हत्या के पीछे अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
SP मनीष ने संभाली कमान, SIT कर रही जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष खुद घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने सदर-1 डीएसपी और मुफस्सिल थाना पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी के निर्देश पर SIT का गठन कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के साथ-साथ सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
इलाके में तनाव, पुलिस की कार्रवाई पर नजर
दूध कारोबारी की हत्या के बाद बड़ी सांख और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा जा रहा है। वहीं पुलिस की सक्रियता के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही इस हत्याकांड के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आएगी। फिलहाल पुलिस जांच, SIT की कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।