Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिक की है और देश स्तर पर अपना लोहा मनवाया है। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेगूसराय को पांच लाख से अधिक आबादी वाले जिलों की श्रेणी में ‘Best Performing Model District’ के सम्मान से नवाजा गया है। 



इसे बिहार में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की राष्ट्रीय पहचान के तौर पर देखा जा रहा है। यह सम्मान आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB PM-JAY) के आठ वर्ष और आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के पांच वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘आरोग्य मंथन 2026’ कार्यक्रम में प्रदान किया गया।



नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने बिहार की ओर से स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव सह बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा को यह पुरस्कार प्रदान किया।



बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति के नेतृत्व में राज्य में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के विभिन्न घटकों को लागू करने और उनका विस्तार करने का काम किया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य संस्थानों और स्वास्थ्यकर्मियों को डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम से जोड़ने के साथ नागरिकों के लिए डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।



बेगूसराय को मिला यह सम्मान जिला प्रशासन, जिला ABDM टीम, स्वास्थ्य संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य संबंधित पक्षों के समन्वित प्रयास का परिणाम बताया गया है। जिले में डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए किए गए प्रयासों को राष्ट्रीय मंच पर पहचान मिली है।