Bihar News : बिहार के बेगूसराय जिले में सोमवार को एक ऐसा दर्दनाक हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गंगा स्नान के लिए घर से निकले मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई। तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एक ही परिवार में हुई मौतों से इलाके में मातम पसरा हुआ है।
गंगा स्नान के लिए निकले थे मां-बेटे, रास्ते में मौत ने रोका रास्ता
यह दर्दनाक घटना बेगूसराय के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदलपुरा स्थित पानागाछी के पास हुई। मृतकों की पहचान मटिहानी थाना क्षेत्र के छितरौर गांव वार्ड संख्या-10 निवासी नरेश राय की पत्नी करीब 40 वर्षीय गीता देवी और उनके 25 वर्षीय बेटे हरिओम कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार वर्तमान में शहर के हेमरा चौक इलाके में रह रहा था।
परिजनों के मुताबिक, सोमवार सुबह गीता देवी अपने बेटे हरिओम कुमार के साथ मोटरसाइकिल से खोरमपुर गंगा घाट पर स्नान करने के लिए निकली थीं। दोनों को क्या पता था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा।जैसे ही उनकी बाइक बदलपुरा रोड स्थित पानागाछी के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार मां-बेटे सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक हरिओम कुमार परिवार की जिम्मेदारी में पिता का हाथ बंटाता था। वह कोचिंग पढ़ाकर परिवार की आर्थिक मदद करता था। उसके पिता नरेश राय रिफाइनरी में मजदूरी करते हैं, जबकि बड़ा भाई कन्हैया कुमार मुंबई में रहकर मजदूरी करता है।परिजनों का कहना है कि हरिओम और उसकी मां गीता देवी के जाने से परिवार की खुशियां अचानक खत्म हो गई हैं। हादसे के बाद गांव और आसपास के लोगों की आंखें नम हैं।
आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बदलपुरा-मटिहानी मुख्य सड़क को जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची। सड़क जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।करीब चार घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर शुरू की जांच
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाकर शांत कराया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है। वहीं फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार ने उजाड़ दिया पूरा परिवार
नाग पंचमी के मौके पर जहां लोग आस्था के साथ गंगा स्नान के लिए जा रहे थे, वहीं बेगूसराय में तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी।इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की जरूरत को सामने ला दिया है। मां-बेटे की मौत और उसके सदमे में नाना की जान चले जाने की घटना पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। यह हादसा लंबे समय तक लोगों के जेहन में दर्दनाक याद बनकर रहेगा।