Bihar Breaking News : बिहार की सड़कों पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बाढ़ अनुमंडल से सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित हाईवा ने सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
घटना पंडारक थाना क्षेत्र के पैठाणी चक की है। बताया जा रहा है कि हादसा बुधवार अहले सुबह उस वक्त हुआ, जब तीन लोग ई-रिक्शा पर सब्जी लोड करने में जुटे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा एक अनियंत्रित हाईवा अचानक ई-रिक्शा से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा के पास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला और इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान पैठाणी चक के वार्ड पार्षद सुरेश प्रसाद और लल्लू महतो के रूप में हुई है। दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया। पंडारक के पूर्व प्रमुख पंकज ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों में सुरेश प्रसाद और लल्लू महतो शामिल हैं। सुरेश प्रसाद पैठाणी चक के वार्ड पार्षद थे। हादसे में एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रोजमर्रा की तरह अहले सुबह तीनों लोग ई-रिक्शा पर सब्जी लोड कर रहे थे। सुबह का वक्त होने के कारण इलाके में आवाजाही भी शुरू हो चुकी थी। इसी बीच तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे से आसपास के लोग सहम गए। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को मदद पहुंचाने में जुट गए। हालांकि, तब तक दो लोगों की जान जा चुकी थी। एक व्यक्ति को गंभीर हालत में इलाज के लिए पटना भेजा गया।
दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और एनएच-31 को जाम कर दिया। लोगों की मांग है कि हादसे को अंजाम देने वाले हाईवा को जल्द से जल्द पकड़ा जाए और उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
सड़क जाम होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ जुटी हुई है। स्थानीय लोग इस हादसे के लिए तेज रफ्तार और लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उनका कहना है कि भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और बेगुनाह लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है।
फिलहाल इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल है। स्थानीय लोग हाईवा को पकड़ने और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हादसे में दो लोगों की मौत से पैठाणी चक में मातम पसरा हुआ है। खासकर वार्ड पार्षद सुरेश प्रसाद की मौत से स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।एक तरफ दो परिवारों ने अपने अपनों को खो दिया, तो दूसरी तरफ गंभीर रूप से घायल व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। अब लोगों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर तेज रफ्तार से मौत बनकर दौड़ रहे भारी वाहनों पर लगाम कब लगेगी?