PATNA: बिहार के पूर्व सीएम नीतीश कुमार पटना के जिस रेस्टोरेंट में बड़े शौक से डोसा खाने जाया करते थे, वहां बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आज छापेमारी कर दी. छापे में रेस्टोरेंट में कई तरह की गड़बड़ियां पायी गयीं. इसके बाद राज्य सरकार ने इसे बंद करने का आदेश जारी कर दिया है.  


पटना के बंसी विहार रेस्टोरेंट में पड़ा छापा 

बिहार सरकार के फुड सेक्योरिटी अधिकारियों ने पटना के फ्रेजर रोड स्थित बंसी विहार रेस्तरां में आज छापेमारी कर दी. स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक इस निरीक्षण के बंशी विहार में ें खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से संबंधित कई मानकों का अनुपालन नहीं होता पाया गया। निरीक्षण की रिपोर्ट में इस रेस्टोरेंट को कुल 112 अंकों में 63 अंक प्राप्त हुए, जो 57 प्रतिशत है।  


रेस्टोरेंट की रसोई  में गड़बड़ी 

 सरकारी अधिकारियों के इंस्पेक्शन का नतीजा ये रहा कि बंशी विहार रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर सरकारी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है. अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान पाया गया कि  रेस्टोरेंट की रसोई में खाद्य पदार्थों और पैकेजिंग के सामान को सही तरीके से रखा नहीं जा रहा है. ना वहां सही वेंटीलेशन है और ना ही जरूरी उपकरण. फर्श से लेकर छत तक सही नहीं था.पेयजल की स्थिति भी सही नहीं थी.  


साफ-सफाई का बंदोबस्त नहीं 


स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी के दौरान खाना बनाने के लिए उपयोग किये जा रहे कच्चे माल की सफाई, खाद्य उपकरणों की स्वच्छता, कटलरी एवं क्रॉकरी की सफाई, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित परिवहन तथा खाद्य पदार्थों की पोर्शनिंग के दौरान स्वच्छता संबंधित कई कमियां भी पाई गईं। निरीक्षण के दौरान आने वाली खाद्य सामग्री के रिकॉर्ड  के साथ साथ FIFO और FEFO व्यवस्था के सही तरीके से अनुपालन में भी कमी पाई गई। 


सरकारी अधिकारियों ने पाया कि रखरखाव  औरं स्वच्छता के तहत मापने और निगरानी करने वाले उपकरणों का निर्धारित समय पर कैलिब्रेशन नहीं कराया गया था। प्रतिष्ठान को पेस्ट कंट्रोल प्रमाण पत्र सहित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। 


रस्टोरेंट बंद करने का आदेश 

निरीक्षण के बाद सरकार ने बंशी विहार के संचालकों को FSSR, 2011 के प्रावधानों एवं धारा-IV के तहत 14 दिनों के भीतर जरूरी  सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।  इसके साथ ही, सुधार नोटिस प्राप्त होने तक प्रतिष्ठान को बंद रखने  का भी आदेश जारी किया  गया है. सरकार ने बंशी विहार के संचालकों को खाद्य सामग्री के भंडारण एवं उपयोग में FIFO एवं FEFO नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। 


दूसरे रेस्टोरेंट पर भी होगी कार्रवाई

सरकार ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर आगे भी निरीक्षण एवं कार्रवाई जारी रहेगी। खाद्य कारोबारियों से कहा गया है कि वे खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें तथा ग्राहकों को सही तरीके से खाना उपलब्ध करायें.