PATNA: बांकीपुर उपचुनाव के दौरान जन सुराज के उम्मीदवार और पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बीजेपी नेता के एक बयान को चुनाव में खूब भूनाया। जहां जहां उन्होंने चुनावी सभा को संबोधित किया वहां यह बात जरूर कहते दिखे कि बीजेपी कहती है कि बांकीपुर विधानभा सीट पर हमारी पकड़ मजबूत है। यहां कुत्ता बिलाई भी खड़ा कर देंगे तो वो चुनाव जीत जाएगा। यह बयान किस बीजेपी नेता ने दिया यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। 


लेकिन जब प्रशांत किशोर ने इस बयान को भूनाया तब भी बीजेपी के किसी नेता ने इस बयान पर अपनी प्रतिक्रियाएं नहीं दी और ना ही कहा कि यह बयान गलत है। लेकिन बांकीपुर के मतदाताओं के दिमाग में यह बात बस गया और लोगों के बीच यह चर्चा होने लगी कि क्या हम कुत्ता बिलाई को वोट देंगे? BJP नेता का यह बयान पार्टी के अत्यधिक अहंकार के रूप में देखा गया। इस बयान को लेकर बांकीपुर की जनता के बीच नाराजगी देखने को मिली। प्रशांत किशोर ने चुनाव प्रचार के दौरान इस मुद्दे को जनता के बीच खूब उछाला। 


कहा कि बीजेपी खुद को अजेय समझती है। बीजेपी का यह अहंकार टूटना चाहिए। बीजेपी नेता की इस तरह की बयानबाजी के चलते मतदाताओं में नाराजगी बढ़ी, जिसे विपक्षी दलों ने चुनावी मुद्दा बनाया। बीजेपी नेता के इस बयान को लेकर जनता की बेरुखी और विरोधियों के आक्रामक रुख को चुनाव में हार का एक बड़ा मनोवैज्ञानिक कारण माना जा रहा है। बांकीपुर उपचुनाव में बीजेपी के 'कुत्ता-बिल्ली' वाले बयान पर चुनाव के दौरान जनता ने भी सोशल मीडिया पर खूब प्रतिक्रिया दी। जो खूब वायरल भी हुआ। 


इसी का नतीजा यह देखने को मिल रहा है कि बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर लगातार आगे बढ़ते दिख रहे है। पटना के एएन कॉलेज में चल रहे मतगणना के 16 वें राउंड में प्रशांत किशोर की पार्टी बीजेपी के नीरज सिन्हा से 14 हजार वोट से आगे चल रहे हैं। जन सुराज के कार्यकर्ताओं का कहना है कि हमारे नेता प्रशांत किशोर भारी मतों से जीत रहे हैं। भाजपा दूसरे और राजद तीसरे स्थान पर है।


प्रशांत किशोर की बढ़त के बाद जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है। काउंटिंग सेंटर के बाहर और पार्टी कार्यालय में समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। इस बीच जेडीयू के मंत्री सुनील कुमार और श्रवण कुमार से मतगणना के रुझानों पर प्रतिक्रिया मांगी गई। मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि अभी अंतिम नतीजे आने में समय है और 31 राउंड की मतगणना पूरी होने दीजिए। 


उन्होंने कहा, “अभी समीक्षा का समय नहीं है। मतगणना पूरी होने दीजिए, उसके बाद ही परिणाम पर टिप्पणी करेंगे। जो भी जनादेश होगा, वह हम सभी को स्वीकार होगा।”वहीं मंत्री श्रवण कुमार ने हल्के अंदाज में कहा, “आप भी उस जीत में शामिल हो जाइए।” 


सुनील कुमार ने आगे कहा कि जिसे जश्न मनाना है, वह मनाए। जीत की संभावना दिखने पर समर्थकों में उत्साह स्वाभाविक है, लेकिन अंतिम परिणाम आने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने सभी से धैर्य रखने और जनता के जनादेश का सम्मान करने की अपील की।