Bihar News : बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान शुरू होते ही कई बूथों पर मतदाताओं की कतारें दिखाई देने लगीं। शाम 6 बजे तक चलने वाली वोटिंग में 3,79,616 मतदाता 25 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद करेंगे। चुनाव परिणाम 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।


इस उपचुनाव को बिहार की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। भाजपा, महागठबंधन और जन सुराज के बीच मुकाबले ने चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है। प्रमुख उम्मीदवारों में भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता और जन सुराज के प्रशांत किशोर शामिल हैं।


मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। बूथों के अंदर केंद्रीय बल और बाहर बिहार पुलिस एवं होमगार्ड के जवान सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।


निर्वाचन आयोग ने किसी भी तकनीकी समस्या से निपटने के लिए अतिरिक्त ईवीएम और वीवीपैट मशीनें भी रिजर्व रखी हैं। वहीं जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है।


बांकीपुर पूरी तरह शहरी विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यहां मतदान प्रतिशत पारंपरिक रूप से कम रहता है। हालांकि इस बार प्रशासन को पहले से बेहतर मतदान की उम्मीद है।


महत्वपूर्ण आंकड़े

मतदान समय: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक

कुल मतदाता: 3,79,616

कुल प्रत्याशी: 25

मतदान केंद्र: 422

मतगणना: 3 अगस्त, एएन कॉलेज, पटना

अब पूरे बिहार की नजर इस बात पर टिकी है कि मतदान के बाद जनता किसे अपना जनादेश देती है और 3 अगस्त को किसके सिर जीत का ताज सजता है।