Bihar News : बिहार की सबसे चर्चित और हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों में शामिल बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए आज (30 जुलाई) मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और 25 प्रत्याशियों के राजनीतिक भविष्य का फैसला इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में कैद कर देंगे। इस चुनाव के नतीजे 3 अगस्त को घोषित किए जाएंगे।
यह उपचुनाव सिर्फ एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे बिहार की आगामी राजनीति की दिशा तय करने वाला मुकाबला भी माना जा रहा है। भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय संघर्ष ने चुनाव को बेहद दिलचस्प बना दिया है।
3.79 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
निर्वाचन आयोग के अनुसार बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,616 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें बड़ी संख्या में युवा, महिला और वरिष्ठ मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 187 भवनों में 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
इन दिग्गजों पर टिकी सबकी नजर
इस बार मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा तीन प्रमुख उम्मीदवारों की है।
- भाजपा की ओर से नीरज सिन्हा
- महागठबंधन (राजद) की ओर से रेखा गुप्ता
- जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर
इसके अलावा कई छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों समेत कुल 25 प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम
मतदान को शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों में केंद्रीय सुरक्षा बल और बिहार पुलिस की संयुक्त तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी।
प्रशासन ने 14 कंपनियां केंद्रीय सुरक्षा बल, 16 जोनल मजिस्ट्रेट, 8 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट और 42 सेक्टर दंडाधिकारी तैनात किए हैं। इसके अलावा सीमा सील कर वाहन जांच, फ्लैग मार्च और लगातार गश्त भी जारी है।
तकनीकी व्यवस्था भी पूरी तरह तैयार
मतदान के दौरान किसी भी तकनीकी खराबी से बचने के लिए निर्वाचन आयोग ने अतिरिक्त ईवीएम और वीवीपैट मशीनें रिजर्व रखी हैं। लगभग 40 प्रतिशत अतिरिक्त बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट, जबकि 50 प्रतिशत अतिरिक्त VVPAT मशीनें तैयार रखी गई हैं ताकि मतदान प्रक्रिया बाधित न हो।
कम मतदान की चुनौती
बांकीपुर पूरी तरह शहरी विधानसभा क्षेत्र है। इसी कारण यहां मतदान प्रतिशत हमेशा अपेक्षाकृत कम रहा है। हालांकि पिछले चुनाव में मतदान करीब 41 प्रतिशत तक पहुंचा था, जो पहले की तुलना में बेहतर माना गया। जिला प्रशासन इस बार अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए लगातार मतदाताओं से घरों से निकलकर वोट डालने की अपील कर रहा है।
पहली बार बना त्रिकोणीय मुकाबला
अब तक बांकीपुर सीट पर मुकाबला मुख्य रूप से भाजपा और कांग्रेस/राजद के बीच रहा है, लेकिन इस बार जन सुराज की एंट्री ने चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस सीट का परिणाम बिहार की भविष्य की राजनीति पर भी असर डाल सकता है।
आंकड़ों में बांकीपुर उपचुनाव
- कुल मतदाता: 3,79,616
- कुल प्रत्याशी: 25
- मतदान केंद्र: 422
- 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता: 3,166
- दिव्यांग मतदाता: 1,024
- मतदान का समय: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
- मतगणना: 3 अगस्त, एएन कॉलेज, पटना
अब सबकी नजर मतदान प्रतिशत और 3 अगस्त को आने वाले नतीजों पर टिकी है। यह देखना दिलचस्प होगा कि बांकीपुर की जनता भाजपा पर भरोसा दोहराती है, महागठबंधन को मौका देती है या फिर जन सुराज इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में बड़ा राजनीतिक संदेश देने में सफल होती है।