Bihar News : बिहार की राजधानी पटना स्थित बांकीपुर विधानसभा सीट पर आज (30 जुलाई) उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। लोकतंत्र के इस महापर्व में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। चुनाव आयोग के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी पंजीकृत मतदाताओं के लिए सवैतनिक सार्वजनिक अवकाश (Paid Leave) घोषित किया है।
इसका मतलब है कि यदि आप बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाता हैं, तो मतदान करने के लिए आपको नौकरी से छुट्टी मिलेगी और इस छुट्टी के दौरान आपका वेतन भी नहीं कटेगा। यह नियम सिर्फ सरकारी कर्मचारियों पर ही नहीं, बल्कि निजी कंपनियों, उद्योगों, दुकानों, बैंकों, स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों पर भी लागू होगा।
निजी संस्थानों के लिए भी नियम अनिवार्य
सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई मतदाता बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र का निवासी है, लेकिन उसका कार्यस्थल किसी दूसरे इलाके में है, तब भी संबंधित संस्थान को उसे मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश देना होगा। किसी भी कर्मचारी को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।
प्रशासन का कहना है कि मतदान लोकतंत्र का सबसे बड़ा अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना सभी संस्थानों की जिम्मेदारी है।
किन इलाकों के मतदाताओं को मिलेगा लाभ?
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में पटना शहर के कई प्रमुख इलाके शामिल हैं। इनमें बोरिंग रोड, राजापुर, श्रीकृष्णपुरी, आनंदपुरी, बुद्धा कॉलोनी, किदवईपुरी, मंदिरी, गांधी मैदान, गोलघर, फ्रेजर रोड, बुद्ध मार्ग, डाकबंगला, एग्जीबिशन रोड, मौर्यलोक, अशोक राजपथ, पीएमसीएच, पटना विश्वविद्यालय, महेंद्रू, कदमकुआं, भिखना पहाड़ी, लालजी टोला, सब्जीबाग, बाकरगंज, दरियापुर, भंवर पोखर, सालिमपुर अहरा, जक्कनपुर, मीठापुर, यारपुर, जयप्रकाश नगर, दशरथा, चांदमारी, विग्रहपुर और सिपारा समेत कई क्षेत्र शामिल हैं।
यदि इन क्षेत्रों में आपका नाम मतदाता सूची में दर्ज है, तो आप इस विशेष सवैतनिक अवकाश के पात्र हैं।
कई प्रमुख संस्थान भी इसी क्षेत्र में
बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सरकारी और शैक्षणिक संस्थान मौजूद हैं। इनमें पटना कॉलेज, पीएमसीएच, डेंटल कॉलेज, बिहार उर्दू अकादमी, सिविल कोर्ट, बांकीपुर पोस्ट ऑफिस, बीएन कॉलेज, पटना वीमेंस कॉलेज, हाईकोर्ट, नगर निगम, बुडको, आयकर और जीएसटी कार्यालय, क्षेत्रीय श्रम कार्यालय सहित कई बड़े कार्यालय और व्यस्त बाजार शामिल हैं।
इन संस्थानों में कार्यरत ऐसे कर्मचारी, जिनका नाम बांकीपुर विधानसभा की मतदाता सूची में है, उन्हें भी मतदान के लिए सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा।
मतदान को लेकर प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन और चुनाव आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। अधिकारियों का कहना है कि हर एक वोट लोकतंत्र को मजबूत बनाता है। इसलिए किसी भी तरह की व्यस्तता या नौकरी की वजह से मतदान से दूर न रहें।
आज पूरे विधानसभा क्षेत्र में मतदान को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है। मतदाताओं से समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का उपयोग करने की अपील की गई है।